एक सप्ताह में 14,000 से अधिक चालान हुए, गलत दिशा में वाहन चलाने के सबसे अधिक मामले
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 08:33 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली यातायात पुलिस ने एक सप्ताह तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 14,160 चालान और नोटिस जारी किए, जिनमें सबसे अधिक मामले विपरीत दिशा में वाहन चलाने के थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह अभियान राष्ट्रीय राजधानी में 20 से 26 सितंबर तक चलाया गया, जिसके तहत विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ 10,434 चालान और नोटिस जारी किए गए। यातायात पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, अभियान के दौरान काले शीशे लगाने के लिए 917 चालान किए गए, जबकि निजी बसों के खिलाफ 1,311 मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि अनुचित या यातायात में बाधा डालने वाली पार्किंग के लिए कुल 691 चालान और परमिट नियमों के उल्लंघन के लिए 438 चालान जारी किए गए।
