Oracle में फिर छंटनी: सुबह 6 बजे ईमेल और हजारों की नौकरी खत्म, भारत सहित कई देशों में कर्मचारियों पर गिरी गाज
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 01:07 PM (IST)
International Desk: ओरेकल कॉर्पोरेशन (Oracle Corporation) ने एक बार फिर छंटनी (layoffs) की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे भारत समेत कई देशों में कर्मचारियों पर असर पड़ा है। यह कदम कंपनी के कंप्यूटिंग बिजनेस से जुड़े विभिन्न विभागों में उठाया गया है।रिपोर्ट्स के अनुसार, कई कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल के जरिए नौकरी खत्म होने की जानकारी दी गई। कुछ मामलों में यह ईमेल सुबह 6 बजे तक भेज दिए गए, जिससे कर्मचारियों को अचानक झटका लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी 20,000 से 30,000 कर्मचारियों को निकाल सकती है, जो उसके कुल वर्कफोर्स का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 5 से 6 बजे के बीच ईमेल मिला, जिसमें लिखा था कि उनकी नौकरी तुरंत प्रभाव से खत्म कर दी गई है। इस अचानक फैसले ने कर्मचारियों को पूरी तरह चौंका दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Reddit और Blind पर कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए। कुछ ने लिखा कि 20 साल की नौकरी के बाद भी उन्हें बिना किसी बातचीत के निकाल दिया गया।कई मामलों में कर्मचारियों को पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई। न HR से चर्चा हुई और न ही मैनेजर से कोई कॉल आया।
ईमेल आने के तुरंत बाद उनका सिस्टम एक्सेस भी बंद कर दिया गया, जिससे उन्हें अपने काम से तुरंत अलग कर दिया गया। यह छंटनी भारत, अमेरिका और मेक्सिको समेत कई देशों में देखी जा रही है। खास तौर पर क्लाउड, इंजीनियरिंग और कंप्यूटिंग डिवीजन के कर्मचारियों पर इसका असर बताया जा रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम कंपनी के AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर बढ़ते फोकस का हिस्सा हो सकता है। Oracle अपने संसाधनों को डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने के लिए पुनर्गठित कर रही है।
