बकरीद से पहले दिल्ली सरकार ने निगरानी बढ़ाई, अवैध पशुवध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 10:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन पर्व से पहले दिल्ली सरकार ने राजधानी में कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक स्वच्छता और पशु कल्याण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अवैध वध और पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त आदेश
दिल्ली के विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने वीरवार को एक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध पशु वध, अनधिकृत पशु व्यापार और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पशुओं के गैर-कानूनी परिवहन और नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी देने पर रोक
सार्वजनिक स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने निर्देश दिया है कि सड़कों, गलियों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की कुर्बानी नहीं दी जानी चाहिए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुर्बानी की अनुमति केवल अधिकृत और निर्धारित स्थानों पर ही दी जाएगी। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की खरीद-बिक्री को भी अवैध घोषित किया गया है और ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

इन जानवरों के वध पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
सरकार ने धार्मिक और कानूनी प्रावधानों के तहत गायों, बछड़ों, ऊंटों और अन्य निषिद्ध जानवरों के वध या उनकी कुर्बानी पर लगे पूर्ण प्रतिबंध को पूरी सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। विकास मंत्री ने अधिकारियों को आगाह किया कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News