बांग्लादेश के नए सत्ता अध्याय का गवाह बनेगा भारत ! तारिक रहमान के शपथ ग्रहण 17 को, ओम बिरला लेंगे समारोह में भाग

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 06:28 PM (IST)

International Desk: बांग्लादेश में नव-निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से ओम बिरला हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने रविवार को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष 17 फरवरी को ढाका में होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नई सरकार का होगा। तारिक रहमान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष हैं और हालिया संसदीय चुनावों में पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है।

 

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि ओम बिरला की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और स्थायी मित्रता को दर्शाती है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और पड़ोसी देश के साथ मजबूत संबंधों की पुनः पुष्टि भी है। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार दोपहर ढाका स्थित राष्ट्रीय संसद भवन के साउथ प्लाज़ा में आयोजित किया जाएगा। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भारत, चीन और पाकिस्तान सहित 13 देशों के नेताओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। बीएनपी नेता एएनएम एहसानुल हक मिलान ने उम्मीद जताई है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी औपचारिक निमंत्रण भेजा जाएगा। उन्होंने बीएनपी की विदेश नीति को “दोस्त सबके, दुश्मनी किसी से नहीं” बताते हुए भारत के साथ सकारात्मक रिश्तों की इच्छा जताई।

 


बीएनपी ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दी गई बधाई के लिए आभार भी जताया। पार्टी ने कहा कि वह भारत के साथ आपसी सम्मान, क्षेत्रीय शांति और साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने को तैयार है। गौरतलब है कि 12 फरवरी 2026 को हुए आम चुनाव 2024 के जनआंदोलनों के बाद हुए पहले चुनाव थे। 300 सीटों वाली संसद में बीएनपी ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है, जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन मुख्य विपक्ष के रूप में उभरा है। यह चुनाव बांग्लादेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News