सावधान! आप एनर्जी ड्रिंक पी रहे हैं या ज़हर? नकली 'स्टिंग' बनाने वाली फैक्ट्री का Video Viral, गंदगी देख उड़ जाएंगे होश

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 10:08 AM (IST)

Fake Sting Energy Drink Factory Viral Video : इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने 'स्टिंग' (Sting) एनर्जी ड्रिंक के शौकीनों के बीच हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो में एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है जहां बेहद अस्वच्छ और असुरक्षित परिस्थितियों में इस मशहूर ड्रिंक की हूबहू नकल तैयार की जा रही है।

गंदगी और घटिया केमिकल का जानलेवा कॉकटेल

वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटी सी अंधेरी जगह में नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। फैक्ट्री के अंदर चारों तरफ गंदगी पसरी है और मक्खियां भिनभिना रही हैं। मज़दूर बिना ग्लव्स (दस्ताने) या मास्क पहने, गंदे हाथों से सीधे ड्रिंक तैयार कर रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे घटिया क्वालिटी के रंग और रसायनों (Chemicals) को अशुद्ध पानी में मिलाकर लाल रंग की यह नकली ड्रिंक बोतलों में भरी जा रही है।

यह भी पढ़ें: देश के दिग्गज बिजनेसमैन और Raymond Group के मालिक का हुआ एक्सीडेंट, अस्पताल में इलाज जारी

सेहत के लिए बड़ा खतरा: विशेषज्ञों की राय

फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस तरह की अवैध फैक्ट्रियों में बनने वाले प्रोडक्ट्स 'स्लो पॉइज़न' (धीमा ज़हर) की तरह होते हैं। इनमें इस्तेमाल होने वाले सिंथेटिक कलर्स और अशुद्ध पानी से पेट का गंभीर संक्रमण और फूड पॉइज़निंग हो सकती है। लंबे समय तक सेवन से किडनी और लिवर को नुकसान पहुंच सकता है। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

यूजर्स का फूटा गुस्सा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) और स्थानीय पुलिस को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि आम जनता की जान के साथ सरेआम खिलवाड़ है।

 

 

आप कैसे पहचानें असली और नकली का फर्क?

  • पैकेजिंग की जांच: असली ब्रांड की बोतल की फिनिशिंग और लेबल प्रिंटिंग साफ और स्पष्ट होती है।

  • कीमत: अगर कोई आपको एमआरपी से काफी कम दाम पर ड्रिंक दे रहा है, तो सावधान हो जाएं।

  • ढक्कन की सील: बोतल खरीदने से पहले चेक करें कि ढक्कन की सील पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं।

  • अधिकृत दुकान: हमेशा भरोसेमंद और अधिकृत स्टोर से ही खाने-पीने की चीज़ें खरीदें।

नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के दावों पर आधारित है। पंजाब केसरी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता लेकिन लोगों से अपील करतें हैं कि कोई चीज खरीदने से पहले उसकी अच्छे से जांच जरूर कर लें। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News