अगर बैंक में है जरूरी काम तो दें ध्यान, अक्टूबर में सिर्फ 10 दिन ही खुलेंगे बैंक, देखिए छुट्टियों का पूरा कैलेंडर

punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 02:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अक्टूबर का महीना त्योहारों से भरा है। दशहरा से लेकर दिवाली तक कई बड़े पर्व इस महीने में पड़ रहे हैं, जिससे बैंक बंद रहने वाले दिनों की संख्या काफी बढ़ गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार, अक्टूबर 2025 में पूरे देश में बैंक कुल 21 दिन बंद रहेंगे। इसलिए बैंक से जुड़े किसी भी जरूरी काम को करने से पहले इस कैलेंडर को ध्यान से देखना बेहद जरूरी है।

अक्टूबर 2025 की बैंक छुट्टियों का कैलेंडर
अक्टूबर की शुरुआत ही त्योहारों के साथ हो रही है। 1 अक्टूबर को विजयदशमी (दशहरा), अयुध पूजा और दुर्गा पूजा के चलते दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे प्रमुख राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।

2 अक्टूबर को पूरे देश में महात्मा गांधी जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे, जो राष्ट्रीय अवकाश है। इसके बाद 3 और 4 अक्टूबर को असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम जैसे राज्यों में दशहरा और दुर्गा पूजा के चलते छुट्टियां रहेंगी।

सप्ताहांतों को भी बैंक बंद रहते हैं। इसलिए हर रविवार (5, 12, 19, 26 अक्टूबर) और दूसरे-चौथे शनिवार (11, 25 अक्टूबर) को भी बैंक बंद रहेंगे। 6 अक्टूबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में लक्ष्मी पूजा के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 7 अक्टूबर को दिल्ली, पंजाब और ओडिशा में महर्षि वाल्मीकि जयंती और कुमार पूर्णिमा की छुट्टी रहेगी।

10 अक्टूबर को करवा चौथ के चलते दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में बैंक बंद रहेंगे। अक्टूबर में दिवाली के समय सबसे ज्यादा छुट्टियां आती हैं। 20 अक्टूबर को महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में नरक चतुर्दशी या काली पूजा के चलते बैंक बंद रहेंगे। 21 अक्टूबर को दिवाली अमावस्या, लक्ष्मी पूजन और गोवर्धन पूजा के चलते दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बैंक बंद रहेंगे। 22 अक्टूबर को भी गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में बली प्रतिपदा, विक्रम संवत नया साल और लक्ष्मी पूजा के कारण बैंक बंद रहेंगे।

भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती जैसे त्यौहार 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, मणिपुर और बिहार में छुट्टियां लेकर आएंगे। 27 और 28 अक्टूबर को बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में छठ पूजा के चलते बैंक बंद रहेंगे। वहीं 31 अक्टूबर को गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर बैंक बंद रहेंगे।

डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
जहां बैंक 21 दिन बंद रहेंगे, वहीं डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, अधिकांश एटीएम में कैश डिपॉजिट मशीनें लगी हैं और कई जगह चेक डिपॉजिट मशीनें भी बैंक के बाहर उपलब्ध हैं। इसलिए बैंक की छुट्टियों के दौरान भी आप डिजिटल माध्यम से अपने जरूरी काम आसानी से निपटा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News