nuclear safest country: अगर दुनिया में हुआ परमाणु युद्ध, तो भी सबसे सुरक्षित रहेंगे ये पांच देश
punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 08:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क: जहां एक तरफ देशों के बीच कूटनीति की बात होती है, वहीं दूसरी ओर हथियारों की गूंज भी तेज हो रही है। रूस और यूक्रेन की लड़ाई ने तीसरे साल में कदम रख लिया है, मिडिल ईस्ट में इज़राइल और हमास के बीच टकराव थमा जरूर है लेकिन तनाव अब भी बरकरार है। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भी तल्ख़ी लगातार बढ़ती जा रही है। इन हालातों ने एक नए खतरे की आहट दे दी है - परमाणु युद्ध की आशंका।
रूस और पाकिस्तान जैसे देश समय-समय पर परमाणु हथियारों की धमकी दे चुके हैं। इतिहास गवाह है कि जब भी ऐसे हथियारों का इस्तेमाल हुआ है, नतीजे विनाशकारी रहे हैं — जैसे कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान में हुआ था। लेकिन क्या दुनिया के हर कोने पर खतरा मंडरा रहा है? नहीं। कुछ देश ऐसे हैं जो अपनी भौगोलिक स्थिति, राजनीतिक नीति, और सुरक्षा तैयारियों के कारण परमाणु हमले जैसे हालात में भी सबसे ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं।
चलिए जानते हैं ऐसे 5 देशों के बारे में, जो अगर दुनिया एक और परमाणु युद्ध की ओर बढ़ती है, तो भी सबसे सुरक्षित रहेंगे:
1. भूटान – शांति की छांव में बसा पहाड़ी देश
भूटान एक शांतप्रिय और राजनीतिक रूप से तटस्थ देश है। दुनिया की तेज़ रफ्तार राजनीति से दूरी बनाए रखना इसकी सबसे बड़ी ताकत है। चारों ओर से पहाड़ों से घिरे इस देश की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यह बाहरी हमलों, खासकर परमाणु हमलों से काफी हद तक सुरक्षित रह सकता है।
2. इंडोनेशिया – तटस्थ नीति, सागरीय सुरक्षा
इंडोनेशिया ने हमेशा स्वतंत्र और संतुलित विदेश नीति अपनाई है। यह देश अब तक किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय सैन्य संघर्ष का हिस्सा नहीं बना है। हजारों द्वीपों में फैला यह देश न सिर्फ भौगोलिक रूप से बंटा हुआ है, बल्कि समुद्र से घिरा होना इसे सामरिक दृष्टि से भी सुरक्षित बनाता है।
3. स्विट्जरलैंड – न्यूक्लियर शेल्टर की मिसाल
स्विट्जरलैंड की सुरक्षा तैयारी का स्तर पूरी दुनिया में मिसाल है। यहां लगभग हर नागरिक के लिए न्यूक्लियर शेल्टर की व्यवस्था है। इसके अलावा, यह देश लंबे समय से "तटस्थ राष्ट्र" की छवि बनाए हुए है, जो इसे अंतरराष्ट्रीय संघर्षों से अलग रखने में मदद करता है।
4. न्यूजीलैंड – ग्लोबल पीस का चेहरा
न्यूजीलैंड को शांति का प्रतीक माना जाता है। इसका शांत माहौल, दूरस्थ भौगोलिक स्थिति और युद्ध में भाग न लेने की नीति इसे विश्व के सबसे सुरक्षित देशों में शामिल करती है। ग्लोबल पीस इंडेक्स में यह देश अक्सर शीर्ष स्थानों पर होता है।
5. आइसलैंड – शांति और अलगाव का अनोखा संगम
आइसलैंड एक छोटा लेकिन सामरिक दृष्टि से अनोखा देश है। किसी भी सैन्य गठजोड़ में शामिल न होना, युद्धों से दूरी, और इसकी भौगोलिक अलगाव इसे परमाणु खतरे से दूर रखते हैं। यह देश लगातार दुनिया के सबसे शांत और सुरक्षित देशों में गिना जाता है।