5 सीटर में 7 लोग बैठाना पड़ा भारी, अब कटेगा तगड़ा चालान, जानें कितना भरना होगा जुर्माना

punjabkesari.in Wednesday, Jul 23, 2025 - 04:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय बाजार में इस समय लोगों के पास कार खरीदने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं, और लोग अपनी जरूरत और परिवार के हिसाब से गाड़ियाँ खरीदते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आप अपनी कार की कैपेसिटी से ज़्यादा लोगों को बिठाते हैं, तो आपका भारी चालान कट सकता है और आपको जुर्माना भी भरना पड़ सकता है?

ट्रैफिक नियमों का पालन है ज़रूरी
सड़क सुरक्षा के लिहाज़ से ट्रैफिक नियमों का पालन करना बेहद ज़रूरी है। भारत में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सड़कों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे आम नियमों के अलावा, ओवरलोडिंग (क्षमता से अधिक यात्री या सामान ले जाना) भी एक महत्वपूर्ण नियम है।

निजी कार और बाइक के लिए नियम
आपने अक्सर देखा होगा कि कुछ लोग अपनी कार में, सीटिंग कैपेसिटी से ज़्यादा लोगों को बिठा लेते हैं। अगर आपके पास एक 5-सीटर कार है और आप उसमें 5 से ज़्यादा लोगों को बिठाते हैं, तो आपको ₹1000 का चालान भरना पड़ सकता है। इसी तरह बाइक के लिए भी नियम हैं, जहाँ दो से ज़्यादा लोगों को बिठाने पर जुर्माना लग सकता है।

कमर्शियल गाड़ियों के लिए सख्त नियम
ओवरलोडिंग को लेकर नियम कमर्शियल वाहनों (जैसे टैक्सी, बस, ट्रक आदि) के लिए और भी सख्त हैं। ट्रैफिक नियमों के मुताबिक, अगर कोई कमर्शियल वाहन ओवरलोडिंग का उल्लंघन करता है, तो उसे ₹20,000 तक का भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा, प्रति टन अतिरिक्त भार पर ₹2000 का और अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

अन्य महत्वपूर्ण ट्रैफिक नियम
ओवरलोडिंग के अलावा भी कई ऐसे ट्रैफिक नियम हैं, जिनका पालन न करने पर भारी जुर्माना चुकाना पड़ता है:
➤ बिना लाइसेंस के वाहन चलाने पर: ₹5000 का जुर्माना।
➤ ओवर स्पीडिंग (तेज गति से वाहन चलाने पर): ₹1000 का जुर्माना।
➤ शराब पीकर कार चलाने पर: ₹10,000 का जुर्माना और सख्त कानूनी कार्रवाई।
➤ बिना वैध इंश्योरेंस के कार चलाने पर: ₹2000 तक का जुर्माना।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News