''स्वामी'' नहीं ''ठाकुर'' कहिए! PM मोदी के संबोधन पर भड़कीं ममता बनर्जी
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 04:56 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामकृष्ण परमहंस की जन्मतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें 'स्वामी' कहकर संबोधित करने पर कड़ा ऐतराज जताया है। ममता बनर्जी ने इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक महापुरुषों के प्रति प्रधानमंत्री की सांस्कृतिक असंवेदनशीलता करार दिया।
बंगाल में नाम के उपसर्ग पर छिड़ा सियासी संग्राम
गुरुवार को रामकृष्ण परमहंस की जन्मजयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी, जिसमें उन्होंने संत के नाम के आगे 'स्वामी' शब्द का प्रयोग किया। इसी बात को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
<
Shocked again!
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) February 19, 2026
Yet again, our Prime Minister aggressively displays his cultural insensitivity to great figures of Bengal. Today is the janmatithi of Yugavatara (God's incarnation in our age) Sri Sri Ramakrishna Paramahamsadeva. While trying to hail the great saint on this… https://t.co/f7GqFkbcHy
>
ये था पूरा मामला
ममता बनर्जी ने 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि रामकृष्ण परमहंस को पारंपरिक रूप से 'ठाकुर' (अर्थात ईश्वर) के रूप में पूजा जाता है। 'स्वामी' शब्द का प्रयोग उनके संन्यासी शिष्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामकृष्ण मिशन की पवित्र त्रिमूर्ति 'ठाकुर-मां-स्वामीजी' के रूप में जानी जाती है। यहाँ 'ठाकुर' श्री रामकृष्ण हैं, 'मां' मां शारदा हैं और 'स्वामीजी' स्वामी विवेकानंद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री से आग्रह करती हूं कि वे बंगाल के उन महान पुनर्जागरण नायकों के लिए नए उपसर्ग और प्रत्यय न खोजें, जिन्होंने आधुनिक भारत को आकार दिया है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा था?
इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने हिंदी में ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी थी: "स्वामी रामकृष्ण परमहंस की जन्म-जयंती पर उन्हें सादर नमन। जिस प्रकार उन्होंने अध्यात्म और आध्यात्मिकता को जीवन-शक्ति के रूप में स्थापित किया, वह हर युग में मानवता को लाभान्वित करता रहेगा। उनके सुविचार और संदेश सदैव प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।"
