Rain in 12 states: शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, अगले 24 घंटों में 12 राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू

punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 07:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के आसमान पर एक शक्तिशाली 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले 24 घंटों में देश के 12 राज्यों में साफ़ दिखाई देगा। मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, मैदानों में पानी बरसेगा, पत्थर (ओले) गिरेंगे और पहाड़ों पर सफेद बर्फ की चादर बिछेगी।

किन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले एक दिन के भीतर निम्नलिखित इलाकों में मौसम काफी खराब रह सकता है:-

  • मैदानी इलाकों में बारिश और ओले: बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान 40 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि की भी प्रबल संभावना है।

  • पहाड़ों पर बर्फबारी: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश का अनुमान है।

  • सिक्किम और बिहार विशेष: 28 जनवरी को बिहार और सिक्किम में बिजली कड़कने के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

कोहरा और कड़ाके की ठंड

बारिश के साथ-साथ कोहरे का सितम भी जारी रहेगा:-

  1. घना कोहरा: 28 से 30 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल में सुबह के वक्त दृश्यता (Visibility) बहुत कम रहेगी। यूपी, बिहार और राजस्थान में भी रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं।

  2. न्यूनतम तापमान: राजस्थान का अलवर 4.5°C के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा। पंजाब और हरियाणा में भी पारा 5 से 10 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे गलन बढ़ गई है।

क्या आगे राहत मिलेगी?

मौसम विभाग की मानें तो फरवरी की शुरुआत भी भीगी हुई हो सकती है:-

  • 30 जनवरी: एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा।

  • 1 और 2 फरवरी: इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में एक बार फिर बारिश, बिजली और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News