आज रात जंतर-मंतर प्रदर्शन पर कार्रवाई करने की कोई योजना नहीं: दिल्ली पुलिस

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 11:01 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि जंतर मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ कार्रवाई की कोई योजना नहीं है। पुलिस ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दावों को खारिज करते हुए यह टिप्पणी की है। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख ने दावा किया था कि सुरक्षाकर्मी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। 

पुलिस ने ‘आप’ नेता के दावे के जवाब में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जैसा कि बताया जा रहा है, आज रात विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई करने की दिल्ली पुलिस की कोई योजना नहीं है। आपको (केजरीवाल) सलाह दी जाती है कि किसी भी भ्रामक/असत्यापित जानकारी को फैलाने या प्रसारित करने से बचें।’

इससे पहले दिन में, केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज शाम 6:30 बजे तक कनॉट प्लेस में सभी दुकानें बंद करने का आदेश और कड़ी सुरक्षा ! एम्बुलेंस की कतारें ! क्या केंद्र सरकार आज एक बार फिर जंतर-मंतर पर अपने छात्रों पर हमला कराएगी?’

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने क्षेत्र और उसके आसपास मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस के सभी कार्यालयों, दुकानों और रेस्तरां को बृहस्पतिवार शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की सलाह दी। व्यापारी संघ ने कहा कि यह निर्णय नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की टेलीफोन पर बातचीत के बाद लिया गया। उन्होंने कहा था कि कनॉट प्लेस में सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान शाम 6:30 बजे तक बंद हो जाने चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News