''15 लाख करोड़ रुपये पड़े हैं, लेकिन काम करने वाले नहीं'', क्यों ऐसा बोले नितिन गडकरी
punjabkesari.in Saturday, Nov 01, 2025 - 06:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हैं। शनिवार को नागपुर में एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री डेवलपमेंट द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनके पास धन की कोई कमी नहीं है। 15 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, लेकिन काम करने वाले लोगों की कमी है।
पैसे की कमी नहीं, काम करने वालों की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, "मैं काम करता हूं, मेरे पास पैसे की कमी नहीं है। मैं ऐसा व्यक्ति हूं कि मेरे पास 15 लाख करोड़ रुपये पड़े हुए हैं। मैं खर्च नहीं कर पा रहा हूं, क्योंकि काम करने वालों की कमी है। पैसा मार्केट में है, जाओ तो लोग पैसा लेकर खड़े हैं, लेकिन काम नहीं हो रहा। जिस दिन आप काम की शुरुआत करोगे, तब आपको पता चलेगा कि इतने लोग आएंगे, इतने जॉब क्रिएट होंगे कि आप दे नहीं पाओगे। इतना पोटेंशियल है।"
5 सालों में 5 लाख नए रोजगार का संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने विदर्भ की आर्थिक विकास में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले 5 सालों में 5 लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, नागपुर को स्मार्ट सिटी बनाया जा सकेगा और अनेक गांवों का विकास हो सकेगा।
रोजगार देने पर विशेष जोर
गडकरी ने एंप्लॉयमेंट ग्रोथ बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य विदर्भ के युवाओं के लिए रोजगार निर्माण करना है। एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री डेवलपमेंट को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "आप लोगों का टारगेट यह होना चाहिए कि 5 साल में लगभग 5 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।" उन्होंने दावा किया कि वे जो कहते हैं, वह टारगेट पूरा हो जाता है।
मिहान प्रोजेक्ट का उदाहरण देते हुए गडकरी ने बताया कि नागपुर में मिहान (मल्टी-मॉडल इंटरनेशनल हब एयरपोर्ट एट नागपुर) बनाते समय कुछ लोगों ने विरोध किया था। उस समय हमने कहा था कि एक लाख लोगों को रोजगार देंगे और अब तक एक लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है।
