New Pill Bad Cholesterol: हार्ट मरीजों के लिए बड़ी खुशखबरी! नई चमत्कारी गोली 60% तक घटाएगी ‘खराब कोलेस्ट्रॉल’

punjabkesari.in Monday, Nov 24, 2025 - 09:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित खानपान और तनाव भरी दिनचर्या दिल की बीमारियों को गुपचुप तरीके से बढ़ावा दे रही है। खासकर खराब कोलेस्ट्रॉल यानी LDL का स्तर बढ़ना युवा से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल पाए जाते हैं—LDL, जिसे हृदय के लिए खतरनाक माना जाता है, और HDL, जो दिल को सुरक्षित रखने में मदद करता है। जैसे ही LDL ज्यादा होने लगता है, यह धमनियों में जमाव बनाता है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है।

अब खराब कोलेस्ट्रॉल पर नकेल कसने आई एक नई गोली
दुनिया भर में करोड़ों लोग बढ़े हुए LDL से परेशान हैं। अब तक इस समस्या से निपटने का मुख्य उपाय स्टैटिन दवाएं थीं। कई मरीजों को इंजेक्शन वाली थेरेपी भी लेनी पड़ती थी, क्योंकि स्टैटिन हर केस में प्रभावी नहीं होती। लेकिन अब वैज्ञानिकों ने एक ऐसी गोली तैयार की है, जो इस स्थिति को बदल सकती है।

पहले समझ लेते हैं कि स्टैटिन क्या करती है—
ये दवाएं लीवर में बनने वाले कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करती हैं, लेकिन कई शरीरों में इसका असर सीमित हो जाता है। ऐसे मरीजों के लिए अब तक PCSK9 नामक इंजेक्शन ही विकल्प था, जिसे नियमित अंतराल पर लगाना पड़ता था।

नई दवा-एनलिसिटाइड: कैसे काम करती है?
रिसर्चर्स द्वारा विकसित नई दवा Enlicitide (एनलिसिटाइड) ने शुरुआती परीक्षणों में बेहद मजबूत परिणाम दिए हैं। यह दवा शरीर में मौजूद PCSK9 प्रोटीन को निष्क्रिय करती है। यही प्रोटीन LDL कोलेस्ट्रॉल को घटाने में अहम भूमिका निभाता है। जब यह प्रोटीन ब्लॉक हो जाता है, तो शरीर अधिक तेजी से खराब कोलेस्ट्रॉल को साफ करने लगता है।

क्लिनिकल ट्रायल में चौंकाने वाला असर
इस नई गोली का ट्रायल दुनिया के 14 देशों में लगभग 2,900 मरीजों पर किया गया। प्रतिभागियों की औसत आयु करीब 63 वर्ष थी। परिणाम बेहद प्रभावशाली रहे- केवल 24 सप्ताह में मरीजों का LDL स्तर लगभग 60% तक घट गया। यही प्रभाव अब तक सिर्फ PCSK9 इंजेक्शन देने पर दिखता था। अब वही असर एक गोली के रूप में मिल सकता है-यह दिल की बीमारियों के उपचार के क्षेत्र में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गोली भविष्य में लाखों जीवन बचाने में मदद कर सकती है। हालांकि अभी स्टैटिन को उपचार की मुख्य दवा माना जाता है और नई गोली को उसी के साथ लेने की सलाह दी जा रही है।

अब FDA की मंजूरी का इंतजार
इस दवा से जुड़े नतीजे अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की वैज्ञानिक बैठक में रखे गए हैं। अब कंपनी अगले साल अमेरिकी FDA से मंजूरी लेने के लिए आवेदन करेगी। यदि इसे मंजूरी मिल जाती है, तो दिल की बीमारियों और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण के क्षेत्र में यह एक नई मेडिकल क्रांति बन सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News