New Income Tax Rules: नौकरीपेशा लोगों की बल्ले-बल्ले: 1 अप्रैल से 5 बदलाव, जिससे बढ़ेगी आपकी ''In-Hand'' Salary
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 10:14 AM (IST)
नेशनल डेस्क: सरकार ने नौकरीपेशा लोगों के लिए एक खुशखबरी है। प्रस्तावित New Income Tax Act 2026 के तहत आपकी सैलरी से कटने वाला टैक्स कम होने वाला है और हाथ में आने वाली रकम बढ़ सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इन बदलावों से मध्यम वर्ग के कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी में 25,000 से 80,000 रुपये तक का इजाफा हो सकता है। आइए जानते हैं कि नए टैक्स कानून में क्या-क्या बदलाव होने वाले हैं और इसका असर आपके पॉकिट पर कैसे पड़ेगा।
1. टैक्स फ्री इनकम की सीमा बढ़ी
नई योजना के तहत अब 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। सरकार ने धारा 87A के रिबेट को बढ़ाकर 60,000 रुपये कर दिया है। इसका सीधा असर यह होगा कि मध्यम वर्ग के कर्मचारियों को सालाना 25,000 से 50,000 रुपये तक की बचत हो सकती है।
2. मेट्रो शहरों में HRA क्लेम का फायदा
पुराने टैक्स सिस्टम में HRA (House Rent Allowance) के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद समेत मेट्रो शहरों में रहने वाले कर्मचारी अपनी बेसिक सैलरी का 50% तक HRA क्लेम कर सकेंगे। इससे टैक्सेबल इनकम में काफी कमी आएगी और हाथ में आने वाली रकम बढ़ेगी।
3. स्टैंडर्ड डिडक्शन में बढ़ोतरी
सैलरीड कर्मचारियों के लिए स्टैंडर्ड डिडक्शन का लाभ जारी रहेगा। चर्चा है कि इसे मौजूदा 75,000 रुपये से बढ़ाकर 1,00,000 रुपये किया जा सकता है। इससे टैक्सेबल इनकम सीधे तौर पर 25,000 रुपये कम हो जाएगी।
4. बच्चों की पढ़ाई और हॉस्टल अलाउंस में बड़ा इजाफा
सरकार ने बच्चों की शिक्षा और हॉस्टल अलाउंस की सीमा को महंगाई के मुताबिक बढ़ा दिया है। अब पहले 100 रुपये प्रति माह मिलने वाले बच्चों के अलाउंस को 3,000 रुपये प्रति माह तक किया जा रहा है। हॉस्टल अलाउंस भी 300 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। यह बदलाव सालाना 50,000 रुपये तक की टैक्स बचत में मदद करेगा।
5. ऑफिस गिफ्ट्स अब बड़े टैक्स फ्री
कंपनी की ओर से मिलने वाले गिफ्ट वाउचर की सीमा भी बढ़ा दी गई है। पहले 5,000 रुपये तक के गिफ्ट पर टैक्स नहीं लगता था, अब इसे बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया गया है। इसका मतलब है कि दिवाली बोनस या पुरस्कार पर टैक्स की चिंता कम होगी। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इन बदलावों के कारण औसत सैलरीड कर्मचारी की सालाना टेक-होम सैलरी में 25,000 से 80,000 रुपये तक का इजाफा संभव है। हालांकि यह सीधे तौर पर इस बात पर निर्भर करेगा कि आप कौन सा टैक्स रिजीम चुनते हैं और आपकी सैलरी का स्ट्रक्चर क्या है।
