22 सितंबर से नई GST दरें: दूध के दाम कम होंगे? GST 2.0 में क्या होंगे बदलाव, जानें
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 07:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सरकार की नई GST दरें 22 सितंबर से लागू होने जा रही हैं, जो डेयरी क्षेत्र में बड़े बदलाव लेकर आएंगी। कई डेयरी उत्पादों के दाम कम होंगे, लेकिन एक सवाल लोगों के मन में खास तौर पर है — क्या दूध के दाम भी घटेंगे? आइए जानते हैं इस बदलाव का पूरा असर।
क्या दूध के दाम घटेंगे?
ताज़ा दूध यानी पाउच दूध पर पहले से ही GST नहीं लगता (0%), इसलिए इसके दामों में कोई बदलाव नहीं होगा। अमूल, मदर डेयरी, हेरिटेज और नंदिनी जैसी बड़ी कंपनियों के दूध की कीमतें 22 सितंबर के बाद भी स्थिर रहेंगी।
UHT दूध पर बड़ी राहत
जहां असली राहत मिल रही है, वह है UHT दूध (Ultra-High Temperature milk) पर। इस दूध को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उच्च तापमान पर प्रोसेस किया जाता है। पहले इस पर 5% GST लगता था, लेकिन अब इसे पूरी तरह से GST मुक्त कर दिया गया है। इसका मतलब है कि UHT दूध के दाम प्रति लीटर लगभग 4 रुपये तक कम हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, मदर डेयरी का फुल क्रीम UHT दूध जो फिलहाल 69 रुपये प्रति लीटर है, 65-66 रुपये के करीब आ सकता है।
अन्य डेयरी Products पर GST कटौती
56वीं GST काउंसिल की बैठक में कई अन्य डेयरी उत्पादों पर भी टैक्स में कमी की घोषणा हुई है, जिससे उपभोक्ता और उत्पादक दोनों को फायदा होगा। प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
-
ताजा दूध और पाश्चुरीकृत दूध पर 0% GST (कोई बदलाव नहीं)
-
पैकेज्ड पनीर और छेना पर GST 5% से 0% किया गया।
-
मक्खन, घी, पनीर, चीज़, डेयरी स्प्रेड्स, कंडेंस्ड मिल्क, और आइसक्रीम पर GST 12-18% से घटाकर 5% किया गया।
-
दूध के कैन (लोहा, स्टील, एल्यूमिनियम के बने) पर GST 12% से घटाकर 5% किया गया।
डेयरी सेक्टर और किसानों पर असर
भारत के डेयरी क्षेत्र का आकार लगभग 19 लाख करोड़ रुपये का है और यह 8 करोड़ से अधिक ग्रामीण डेयरी किसानों को रोजगार देता है। नई GST दरों से डेयरी कंपनियों के संचालन खर्च में कमी आएगी, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और मिलावट कम होने की संभावना है। उपभोक्ताओं को भी त्योहारों के दौरान UHT दूध, पनीर, मक्खन, घी और चीज़ जैसे उत्पादों पर अच्छी बचत होगी।