कई सालों तक भटका, राजनीति में आने का कभी सोचा नहीं... न्यूयॉर्क में PM मोदी ने किया बड़ा खुलासा

punjabkesari.in Monday, Sep 23, 2024 - 11:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में भारतीय नागरिकों को संबोधित करते हुए अपने जीवन की यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि कई सालों तक वह देश में भटकते रहे और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वह मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। मोदी ने अपने संघर्षों और नियति के खेल के बारे में बताया, जिसमें उन्हें कई बार भोजन और सोने की जगह के लिए संघर्ष करना पड़ा।

राजनीति में कदम रखने की कहानी
पीएम मोदी ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं सीएम बनूंगा। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तो मैं सबसे ज्यादा समय तक रहने वाला मुख्यमंत्री बना।" उन्होंने यह भी बताया कि 13 वर्षों तक वह मुख्यमंत्री रहे और फिर देश की जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें तीसरे कार्यकाल के लिए चुना। 

भारत की प्रगति के बारे में की बातें
मोदी ने भारत की प्रगति के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है, जो ऊर्जा और सपनों से भरा हुआ है। "हर रोज नई खबरें मिलती हैं। आज चेस ओलंपियाड में भारत ने गोल्ड मेडल जीता है, जो कि 100 साल में पहली बार हुआ है," मोदी ने कहा। 

जानिए उपलब्धियों की सूची
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में भारत की उपलब्धियों को भी गिनाया:
- 2014 में भारत के केवल 5 शहरों में मेट्रो थी, जबकि अब 23 शहरों में मेट्रो चल रही है।
- एयरपोर्ट की संख्या 70 से बढ़कर 140 से ज्यादा हो गई है।
- 100 से भी कम ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी थी, जो अब 2 लाख से ज्यादा पंचायतों तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि भारत अब आर्थिक रूप से पांचवें स्थान पर है और लोग चाहते हैं कि यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने। 

मोदी ने अंतिम में कहा
मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। "हमने पुरानी सोच को बदलते हुए गरीबों को ताकतवर बनाने पर जोर दिया है। अब भारत अवसरों का इंतजार नहीं करता, बल्कि उन्हें निर्माण करता है," उन्होंने कहा। प्रधानमंत्री ने अपनी बातें समाप्त करते हुए कहा कि भारत अब गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए प्रयास कर रहा है, और हर भारतीय को बेहतर सुविधाएं चाहिए। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News