Israel Hamas War का असर कारोबार पर भी, दुनिया की बड़ी कंपनी ने इजरायल में प्रोडक्शन प्लांट किए बंद
punjabkesari.in Thursday, Oct 19, 2023 - 05:46 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः इजराइल हमास युद्ध से जहां दोनों देशों का जानी-माली नुकसान हो रहा है वहीं दुनिया के कई देश इससे प्रभावित हो रहे हैं। खासकर वो राष्ट्र जिनका कारोबार इजराल में होता है। शेयर बाजार जानकारों की मानें तो महंगाई बढ़ेगी और भारत भी इससे अछूता नहीं रहेगा। जानकारों का यह अंदाजा सही साबित होने लगा है और इजरायल-हमास जंग का असर अब कारोबार पर भी पड़ने लगा है। शेयर मार्केट डूब रही हैं और बड़ी-बड़ी कंपनियां कारोबार बंद करने को मजबूर हो गई हैं। इन कंपनियों में एक नाम है नेस्ले का जो चॉकलेट से लेकर हेल्थ ड्रिंक समेत अन्य प्रोडक्ट्स बनाने वाली दुनिया की दिग्गज कंपनी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नेस्ले ने इजरायल में अपना कारोबार बंद कर दिया है। नेस्ले (Nestle) के मुख्य कार्यकारी ( CEO) मार्क श्नाइडर ने इस फैसले के बारे में जानकारी शेयर करते हुए कहा है कि इजरायल और फिलीस्तीन में जारी युद्ध के बीच हमारा पूरा फोकस अपने सहयोगियों और कर्मचारियों को सुरक्षित रखने पर है। हमने आवश्यक सावधानियां बरती हैं और बिजनेस के ग्रोथ को लेकर ऐसे समय में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती है।

बता दें कि भारत में भी नेस्ले का बड़ा कारोबार है। Nestle India स्विस कंपनी नेस्ले की सब्सिडियरी FMCG कंपनी है जो चॉकलेट और कन्फेक्शनरी समेत अन्य प्रोडक्ट्स बनाती है। Nestle India कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCap) 2.30 लाख करोड़ रुपए बताया जाता है। कंपनी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि जंग के हालातों के चलते नेस्ले द्वारा इजरायल में संचालित अपने प्रोडक्शन प्लांट्स अस्थायी रूप से बंद किए जा रहे हैं।

नेस्ले ने इस फैसले पर सफाई देते हुए कहा उसने एहतियात के तौर पर इजरायल में अपने एक प्रोडक्शन प्लांट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है । इस जंग के चलते शट-डाऊन का फैसला लेने वाली Nestle पहली कंज्यूमर प्रोडक्ट्स कंपनी बन है। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में फिलिस्तीनी इस्लामी समूह हमास द्वारा इजरायल पर अचानक हमला किए जाने के बाद से कई ग्लोबल कंपनियों ने देश में परिचालन बंद करने जैसे फैसले लिए हैं।
