NDA का महानगरों में जोरदार प्रदर्शन, ‘इंडिया'' गठबंधन का ग्रामीण इलाकों में दबदबा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 10:44 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने लोकसभा चुनाव में महानगरों में जोरदार प्रदर्शन किया और इसने दिल्ली, बेंगलुरु तथा पुणे जैसे शहरी क्षेत्रों में अच्छी बढ़त हासिल की है। हालांकि, मुंबई में स्थिति थोड़ी विपरीत दिखी। 

‘इंडिया' गठबंधन ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया और ग्रामीण क्षेत्रों में उसे अच्छी-खासी संख्या में वोट मिले हैं। दिल्ली में भाजपा ने अपना गढ़ बरकरार रखा है और उसके उम्मीदवार शहर की सभी सात सीट पर आगे हैं। 

रुझान बेंगलुरु में भी ऐसा ही रहा जहां शहरी मतदाताओं ने बड़े पैमाने पर भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन किया। पुणे में भी राजग के लिए अनुकूल परिणाम देखने को मिला जहां गठबंधन को शहर के कई निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई है। इसके विपरीत, ‘इंडिया' गठबंधन ग्रामीण आबादी के साथ अधिक जुड़ा हुआ दिखा। 

विपक्षी गठबंध ने छत्तीसगढ़ के कोरबा, उत्तर प्रदेश के आंवला, बस्ती और लालगंज जैसे अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। यह प्रदर्शन कृषक समुदाय और ग्रामीण मतदाताओं के बीच ‘इंडिया' गठबंधन की अपील को बताता है, जिन्होंने राजग के उम्मीदवारों की तुलना में इसके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी है। हालांकि, ओडिशा, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्य अपवाद रहे जहां राजग ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रतिद्वंद्वियों का लगभग सूपड़ा साफ कर दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News