राजग की तीसरी बार सत्ता में वापसी मोदी के प्रति जनता का भरोसा : भाजपा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 10:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उसके नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत' के दृष्टिकोण के प्रति लोगों के भरोसे को बताता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजग की जीत मोदी की नीतियों और गरीबों के कल्याण के प्रति उनके समर्पण की जीत है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त किया है। सिंह ने कहा, ‘‘मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और उनके नेतृत्व में हम विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ काम करेंगे।''

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत उस स्थिति में पहुंच गया है जहां न केवल इसके नागरिकों को बल्कि सभी देशों को यह विश्वास है कि भारत और अधिक विकसित होने के साथ विश्व को नेतृत्व और नयी दिशा प्रदान करने की क्षमता रखता है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की और पार्टी के सहयोगी दलों के काम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली मजबूत सरकार में एक बार फिर अपना विश्वास जताया है।

उत्तर मुंबई सीट से पहली बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि वह क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम करेंगे। भाजपा उम्मीदवार गोयल ने उत्तर मुंबई से कांग्रेस के भूषण पाटिल को 3.5 लाख से अधिक मतों से हराया। लोकसभा चुनाव के मंगलवार को घोषित नतीजों में भाजपा अपने दम पर स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर पायी लेकिन उसके नेतृत्व वाले गठबंधन ने 272 सीटों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News