ट्रेन में वर्दीधारी बना दरिंदा! सीट दिलाने के बहाने NCC कैडेट से AC केबिन में रेप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 12:49 PM (IST)

TTE Rapes NCC Cadet in Train : भारतीय रेलवे की सुरक्षा और भरोसे को तार-तार करने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में एक टीटीई (TTE) ने मदद के नाम पर मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने परीक्षा देकर लौट रही एक NCC कैडेट युवती को बिना टिकट होने का डर दिखाया और सीट दिलाने के बहाने उसे अपने केबिन में ले जाकर उसके साथ रेप किया।

मदद के बहाने बिछाया हवस का जाल

पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में रहकर सेना/पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही है। रविवार को वह मऊ में एनसीसी 'सी' सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और जल्दबाजी में ट्रेन के एसी फर्स्ट क्लास कोच में चढ़ गई। ट्रेन में तैनात TTE राहुल कुमार ने जब उससे पूछताछ की तो युवती ने सच बताते हुए टिकट बनाने और सीट देने का अनुरोध किया। आरोपी ने पहले उसका नाम-पता पूछा और फिर उसे मदद का भरोसा देकर अपने केबिन में बुला लिया।

केबिन बंद कर की दरिंदगी, पुलिस को देख हुआ फरार

युवती का आरोप है कि केबिन में ले जाने के बाद आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पहले उसने सामान्य बातें कीं लेकिन जल्द ही उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। युवती ने विरोध किया तो टीटीई ने उसे बिना टिकट यात्रा के केस में फंसाने की धमकी दी और उसके साथ रेप किया। साहस दिखाते हुए पीड़िता ने शोर मचाया और तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही ट्रेन देवरिया स्टेशन पहुँची, पुलिस की आहट पाकर आरोपी टीटीई राहुल कुमार ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।

GRP का एक्शन और जांच

इस घटना से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया आरोपी टीटीई के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देवरिया और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। मामला देवरिया जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया गया है।

सवालों के घेरे में रेल सुरक्षा

ट्रेन के भीतर एक जिम्मेदार कर्मचारी द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। एनसीसी कैडेट, जो खुद देश सेवा का सपना देख रही थी, उसे सुरक्षित सफर देने के बजाय सिस्टम के एक हिस्से ने ही शिकार बना लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News