पीएम किसान की 22वीं किस्त से पहले लाखों किसानों के नाम हटाए, जानें कब आएंगे खातों में पैसे
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 05:48 PM (IST)
नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सरकार हर चार महीने में पात्र किसानों के खाते में 2,000 रुपये ट्रांसफर करती है। अब तक 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और देशभर के करोड़ों किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अगली किस्त से पहले सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार द्वारा की गई दोबारा जांच में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए गए हैं। ऐसे में जिन किसानों को अब तक योजना का लाभ मिल रहा था, उनके लिए अपना स्टेटस चेक करना बेहद जरूरी हो गया है।
क्यों हो रही है सख्त जांच?
सरकार का साफ कहना है कि योजना का पैसा सिर्फ उन्हीं किसानों तक पहुंचे जो तय मानकों पर खरे उतरते हों। इसी वजह से वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान दो प्रमुख कारण सामने आए हैं:
जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी या बदलाव : जिन किसानों के नाम पर 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन दर्ज हुई है, उनके कागजात की विशेष जांच की जा रही है। अगर निर्धारित तिथि से पहले मालिकाना हक स्पष्ट नहीं होता या रिकॉर्ड में असंगति मिलती है, तो लाभ रोका जा सकता है।
परिवार के एक से अधिक सदस्यों को लाभ : योजना के नियमों के अनुसार एक परिवार से केवल एक ही सदस्य को आर्थिक सहायता मिल सकती है। कई मामलों में पति-पत्नी दोनों के खाते में किस्त जा रही थी। ऐसे मामलों में भुगतान रोक दिया गया है। यदि जांच में गलती पाई गई तो वसूली (रिकवरी) की कार्रवाई भी हो सकती है।
घर बैठे ऐसे करें स्टेटस चेक
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो यह प्रक्रिया अपनाएं:
- आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर “Farmers Corner” सेक्शन में जाएं।
- “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- कैप्चा भरकर “Get Data” पर क्लिक करें।
इसके बाद आपकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। यहां खासतौर पर e-KYC और Land Seeding की स्थिति जरूर जांचें। इनमें से कोई भी प्रक्रिया अधूरी है तो आपकी किस्त अटक सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी CSC केंद्र या मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
22वीं किस्त कब आएगी?
हालांकि सरकार ने अभी आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन खबरों के मुताबिक मार्च 2026 के पहले सप्ताह या होली से पहले 2,000 रुपये किसानों के खातों में भेजे जा सकते हैं।
