नायडू का AAP पर पलटवार- इन्हीं EVM ने केजरीवाल को बनाया था सीएम

punjabkesari.in Wednesday, Apr 26, 2017 - 08:22 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली नगर निगम चुनावों में अपनी हार के लिए ईवीएम से छेड़छाड़ होने का बहाना नहीं बनाना चाहिए क्योंकि ये वही मशीनें हैं जिनके जरिए वह 2015 में दिल्ली में सत्ता में आई थी। निगम चुनावों में भाजपा के शानदार जीत हासिल करने पर नायडू ने कहा कि यह (आप) अपनी हार के लिए ईवीएम में बहाने ढूंढ रही है। ये वही ईवीएम हैं जिन्होंने उन्हें विधानसभा चुनाव में 70 में 67 सीटें दी थी। उस वक्त यह ठीक थी लेकिन अब आप हार गई तो उसे ईवीएम से समस्या है।

दिल्ली के समझदार लोगों ने सिखाया सबक
नायडू ने आरोप लगाया कि जब से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं उन्होंने विपक्ष में उभरते खालीपन का फायदा उठाते हुए एक बड़े राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर उभरने की बड़ी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के साथ दिल्लीवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी छोड़ दी। नायडू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कोष नहीं देकर भाजपा नीत नगर निगमों को काम करने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के समझदार लोगों को केजरीवाल सरकार की इस नकारात्मक तरकीब को देखा और उनकी पार्टी को सही सबक सिखाया।

मंत्री ने कहा कि आप ने अपने अहंकार, महत्वाकांक्षा और गुमराह प्राथमिकताओं की एक भारी कीमत चुकाई है। बाद में नायडू दिल्ली भाजपा कार्यालय गए और कार्यकर्ताओं एवं मनोज तिवारी सहित पार्टी की प्रदेश इकाई के नेताओं को बधाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News