नागपुर स्नातक सीट के लिए BJP की कवायद तेज, प्रदेश अध्यक्ष ने की संगठन की समीक्षा
punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 03:38 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने विदर्भ का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग संगठनात्मक जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
चव्हाण ने नागपुर ग्रामीण (रामटेक), चंद्रपुर महानगर एवं ग्रामीण, गढ़चिरौली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर महानगर, काटोल और वर्धा में संगठनात्मक बैठकें कीं। बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, चुनावी योजना और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई।
बैठकों के दौरान चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विदर्भ में विकास के काम हुए हैं। उन्होंने नागपुर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पुण्यभूमि बताते हुए कहा कि विदर्भ भाजपा का मजबूत क्षेत्र रहा है। उनके मुताबिक, दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह और जीत का भरोसा नजर आया।
चंद्रपुर में बैठक के दौरान ब्रह्मपुरी के प्रो. शेख का सम्मान भी किया गया। प्रो. शेख 1980 से पार्टी के काम से जुड़े हैं। चव्हाण ने उनके लंबे संगठनात्मक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे पुराने और समर्पित कार्यकर्ता संगठन की मजबूती में अहम भूमिका निभाते हैं।
दौरे के दौरान चव्हाण ने रामटेक के जिलाध्यक्ष आनंदराव राऊत, विधायक कीर्तिकुमार (बंटी) भांगड़िया, पूर्व विधायक अतुल देशकर, वरिष्ठ नेता किशन नागदेवे, पूर्व विधायक कृष्णा गजभिये और विधायक विनोद अग्रवाल से मुलाकात की। इन मुलाकातों में स्थानीय राजनीतिक स्थिति और चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठकों में मंत्री डॉ. अशोक उईके, राज्यमंत्री एवं पालकमंत्री पंकज भोयर, प्रदेश महासचिव विधायक संजय कुटे, विधायक संजय भेंडे, प्रवीण दटके, किशोर जोरगेवार, करण देवतले, देवराव भोंगळे, चैनसुख संचेती, अरुण लखाणी, परिणय फुके, विजय रहांगडाले, संजय पुराम और अविनाश ब्राह्मणकर समेत कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व सांसद हंसराज अहीर और सुनील मेंढे समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी बैठकों में शामिल हुए।
नागपुर स्नातक सीट के चुनाव को लेकर भाजपा की यह सक्रियता इस बात का संकेत है कि पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में स्थानीय स्तर पर बैठकों और कार्यकर्ता संपर्क अभियान के और तेज होने की संभावना है।
