''हमारा रुख स्पष्ट है'', द्रमुक-भाजपा गठबंधन की अटकलों पर बोले MMK अध्यक्ष जवाहिरुल्लाह

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 12:56 PM (IST)

तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु) : मनिथनेया मक्कल काच्चि (MMK) अध्यक्ष एम. एच. जवाहिरुल्लाह ने सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए इसे 'कोरी कल्पना' करार दिया। MMK अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी दल के साथ कभी भी गठबंधन नहीं करेगी, जो भाजपा के साथ हाथ मिलाएगा। 

यहां पत्रकारों से बातचीत में जवाहिरुल्लाह ने कहा कि द्रमुक और भाजपा की विचारधाराएं बिल्कुल विपरीत हैं। द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन के राजनीतिक रुख का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि स्टालिन नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे और संघीय ढांचे तथा धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की रक्षा के लिए केंद्र के वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में विधानसभा में प्रस्ताव लाने की अगुवाई की थी। 

जवाहिरुल्लाह ने द्रविड़ पार्टी और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर हाल में की गई राजनीतिक टिप्पणियों को खारिज किया और कहा, 'हमारा रुख स्पष्ट है। हम ऐसे विचारों में विश्वास करते हैं जो संविधान और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करते हैं। भाजपा संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश करती है। हम ऐसे किसी भी दल के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे, जो भाजपा के साथ गठबंधन करता है।' 

केंद्र-राज्य संबंधों पर एमएमके नेता ने केंद्र सरकार से तमिलनाडु की लंबित मांगों पर ध्यान देने और राज्य की जायज वित्तीय बकाया राशि रोके बिना जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु वस्तु एवं सेवा कर (GST) और प्रत्यक्ष करों के तहत सबसे अधिक योगदान देने वाले राज्यों में से एक है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News