एन रंगासामी ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, भाजपा होगी कैबिनेट का हिस्सा

punjabkesari.in Friday, May 07, 2021 - 09:19 PM (IST)

पुडुचेरीः एआईएनआरसी नेता एन रंगासामी ने शुक्रवार को यहां राज निवास में हुए एक संक्षिप्त समारोह में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। वह एक गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे जिसमें भाजपा के सदस्य भी शामिल होंगे। कर्नाटक दक्षिण का एकमात्र ऐसा राज्य में जहां भाजपा सत्तारूढ़ है और इस केंद्र शासित प्रदेश की कैबिनेट में भागीदारी भाजपा के विस्तार को दिखाता है। 
PunjabKesari
वहीं, भाजपा ने पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में भी अच्छा प्रदर्शन किया जहां उसने 6 अप्रैल के चुनाव में राज्य में चार विधानसभा सीटें जीतीं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता किशन रेड्डी आज शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
PunjabKesari
उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा और एआईएनआरसी के तीन-तीन मंत्री होंगे और वे अगले कुछ दिनों में शपथ लेंगे। भाजपा के ए. नमशिवायम को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाये जाने की संभावना है। शुक्रवार दोपहर में उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदराराजन ने रंगासामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 
PunjabKesari
उन्होंने ईश्वर को साक्षी मानकर तमिल भाषा में पद की शपथ ली। शुक्रवार को केवल रंगासामी ने शपथ ली। एआईएनआरसी पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी और भाजपा के अन्य मंत्रियों को अगले कुछ दिनों में शपथ दिलाई जाएगी। कैबिनेट में भाजपा के तीन सदस्यों में से एक उप मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा के एक सूत्र ने मीडिया को बताया कि नमशिवायम उपमुख्यमंत्री होंगे। केंद्र शासित प्रदेश में पहली बार कोई उप मुख्यमंत्री बनेगा। 30 सदस्यीय विधानसभा में एआईएनआरसी ने 10 सीटें जबकि भाजपा ने छह सीटें जीती हैं। 

सदन में छह निर्दलीय भी चुनाव जीतकर पहुंचे हैं। द्रमुक ने छह सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने मात्र दो सीटें जीती हैं। इससे पहले, मुख्य सचिव अश्विन कुमार ने रंगासामी को मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने वाली राष्ट्रपति की अधिसूचना को पढ़ा। यह समारोह अपराह्न एक बजकर 20 मिनट पर शुरू हुआ और महज पांच मिनट तक चला। उधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रंगास्वामी को बधाई दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News