बागियों ने बनाया चंडीगढ़ विकास मोर्चा, कांग्रेस-भाजपा को देंगे टक्कर

punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2016 - 08:19 AM (IST)

चंडीगढ़ (राय): नगर निगम चुनाव में भाजपा व कांग्रेस को चुनौती दे रहे बागी उम्मीदवारों ने चंडीगढ़ विकास मोर्चा का गठन किया है। इसके संयोजक दलीप शर्मा हैं जो वार्ड नं. 19 से भाजपा के बागी उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमा रहे हैं। चंडीगढ़ प्रैस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी। दलीप शर्मा के अलावा वार्ड 10 से भाजपा के बागी वीरेंद्र गुलेरिया, वार्ड 6 से भाजपा की बागी नेता सुमित्रा गीताराम, वार्ड 24 से बागी कांग्रेसी राकेश मौली, वार्ड 25 से बागी भाजपाई जसपाल सिंह,  वार्ड 26 से बागी भाजपाई चरणजीत सिंह चन्नी, वार्ड 7 से कांग्रेस के बागी रामकुमार, वार्ड 18 से कांग्रेस के बागी तरसेम मित्तल व वार्ड 14 से सुरेंद्र सिंह आदि इस मोर्चे में शामिल हुए हैं। 

 

दलीप शर्मा ने कहा कि कई सीटों पर उनके प्रत्याशी मजबूत चल रहे हैं जिससे बड़ी पार्टिया घबराई हुई हैं।  दलीप ने भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन पर पार्टी में चाटुकारिता व तानाशाही चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो नेता संजय टंडन की जी-हुजूरी करता है उसे ही टंडन महत्व देते हैं और टिकटें भी ऐसे ही लोगों को मिली हैं। उधर, वीरेंद्र गुलेरिया ने भाजपा की गठबंधन पार्टी शिअद के नेताओं पर असहयोग करने के गंभीर आरोप लगाए व कहा कि सिर्फ चुनाव के वक्त ही वह उन्हें तवज्जो देते हैं, बाकी समय भाजपा कार्यकत्र्ताओं की कोई पूछ नहीं होती है। जसपाल सिंह ने कहा कि उन्हें पहले यूनाइटेड फ्रंट का सहयोग मिल रहा था और अब चंडीगढ़ विकास मोर्चा भी उनके साथ जुड़े गया है।


 

सभी उम्मीदवार कर रहे मैदान मारने का दावा
वार्ड नंबर 21  : निगम के वार्ड 21 से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार जङ्क्षतद्र भाटिया के बेटे ऋषभ भाटिया, बेटियां जूही अबरोल व रूही साहनी ने सैक्टर-32ए और डी में चुनाव प्रचार किया। जङ्क्षतद्र भाटिया के समर्थन में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मोहाली से विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने शाम सैक्टर-46 में एक रैली को संबोधित किया। 

वार्ड नंबर 13  : चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में वार्ड 13 से कांगे्रस की उम्मीदवार मीनाक्षी चौधरी के प्रचार अभियान को उस समय एक बड़ी सफलता मिली जब हाऊसिंग सोसायटीज रैजिडैंट्स वैल्फेयर फैडरेशन (एच.एस.आर.डब्ल्यू.एफ.), चंडीगढ़ ने उनके समर्थन की घोषणा कर दी। चंडीगढ़ प्रैस क्लब में आयोजित एक प्रैस कांफ्रैंस में एच.एस.आर.डब्ल्यू.एफ., जोकि सभी सोसायटीज की मांगों और जरूरतों को उठाने के लिए गठित एक प्रमुख संगठन है ने यह ऐलान किया। 

वार्ड नंबर 19  : वार्ड नंबर-19 से आजाद उम्मीदवार के. अरुण ने आज अपने साथियों सहित अपने वार्ड के अधीन आती सैक्टर-26 की वाटर वर्कस कालोनी, मंडी और सैक्टर-26 के रिहायशी क्षेत्र फेज-3 में डोर टू डोर जाकर लोगों से अपने पक्ष में वोट मांगे। अरुण ने मंडी में दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। 

वार्ड नंबर-14 : वार्ड नंबर 14 से आजाद उम्मीवार भरत भूषण कपिला की पत्नी कमलेश और बेटे अंकुश कपिला ने भी आज सैक्टर-45सी व डी में घर-घर जाकर लोगों से भरत भूषण कपिला से पक्ष में वोट डालने की अपील की।

वार्ड नंबर-5 :  वार्ड नं. 5 से बसपा उम्मीदवार प्रवेश देवी ने आज अपने चुनाव प्रचार के दौरान अमन कालोनी, चमन कालोनी और धनास गांव में घर-घर जाकर लोगों के साथ संपर्क किया। 

वार्ड नंबर-25 : नगर निगम चुनाव वार्ड नंबर 25 में कांग्रेसी उम्मीदवार रमेश गोयल जगह जगह जनसभाएं आयोजित कर उन्हें वोट डालने की अपील कर रहे है। लोगों का कहना हैं कि वार्ड नंबर 25 में अधूरे पड़े विकास कार्यों को केवल रमेश गोयल ही पूरा करवा सकते हैं जो आज तक कोई नहीं करवा सका। 

वार्ड नंबर-3 : वार्ड नंबर-3 से प्रत्याशी रितु छाबड़ा ने आज अपने वार्ड में पदयात्रा की और बड़ी संख्या में वार्ड के निवासियों ने उनके अभियान में न सिर्फ हिस्सा लिया, बल्कि उन्हें भारी बहुमत से जितवाने का वायदा किया। रितु छाबड़ा ने कहा कि जनता आज मोदी सरकार की नीतियों से तंग हो चुकी है। 

वार्ड नंबर-1 : वार्ड नंबर-1 से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ रहे एच.एस. लक्की ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय स्टूडैंट्स काऊंसिल ने उन्हें समर्थन दिया है। लक्की के समर्थन में आज पंजाब स्टूडैंट्स काऊंसिल के प्रधान निशांत कौशल, उपप्रधान अवनीत कौर, सचिव अशिक मोहम्मद, संयुक्त सचिव अमित कौशिक ने उनके लिए प्रचार करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नोटबंदी से त्रस्त जनता कांग्रेस का समर्थन कर रही है। 

वार्ड नंबर 8 : वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश शर्मा ने सैक्टर-38 वेस्ट में डोर टू डोर प्रचार कर लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने राजेश शर्मा को अपनी व्यथा सुनाई और कहा कि इस वार्ड के पार्षद अरुण सूद ने वार्ड में विकास कार्य नहीं करवाए, यही नहीं सूद ने इलैक्शन जीतने के बाद कभी वार्ड का दौरा तक नहीं किया। यहां पर गंदगी की भरमार है। सीवरेज समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। गंदगी के कारण बीमारियां ने लोगों को जकड़ा हुआ है। भाजपा सरकार की नोटबंदी के कारण लोगों को पैसों के लिए तरसना पड़ रहा है। गरीब पैसे न मिलने के कारण भूखे सो रहे हैं। राजेश शर्मा ने लोगों से वादा किया कि लोग उनका साथ दें और पार्षद बनने के बाद वह इस वार्ड की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News