शादी की रौनक के बीच छाया मातम: बारात के पहुंचने से पहले दुल्हन की मौत... टूटा शादी का सपना
punjabkesari.in Friday, May 16, 2025 - 05:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के देवीपुरा गांव में उस वक्त मातम छा गया जब शादी से ठीक पहले दुल्हन की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिवार और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे, लेकिन एक अनहोनी ने पूरे माहौल को शोक में बदल दिया।|
बेचैनी के बाद अस्पताल ले जाई गई दुल्हन
20 वर्षीय शांति की अजयवीर से शादी तय थी। बारात नवाबगंज से देवीपुरा पहुंचने वाली थी। दोपहर करीब 3 बजे शांति को अचानक घबराहट और बेचैनी महसूस होने लगी। घबराए परिजन उसे बहेड़ी कस्बे के शिफा हॉस्पिटल लेकर गए, जहां तसलीम अहमद उर्फ भूरा नाम के डॉक्टर ने उसका इलाज शुरू किया।
गलत इलाज का आरोप, इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने बताया कि शांति को कमजोरी है और उसे ड्रिप व इंजेक्शन दिया गया। लेकिन इंजेक्शन लगते ही उसकी तबीयत और बिगड़ गई। डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही शांति ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर फरार
दुल्हन की मौत की खबर फैलते ही परिवारजन और ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर कड़ा हंगामा किया। लोगों का आरोप था कि डॉक्टर झोलाछाप है और उसने गलत इंजेक्शन देकर जान ले ली। हंगामे के बीच डॉक्टर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने दर्ज की FIR
मामले की सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद परिवारजन शांत हुए। दुल्हन के पिता थान सिंह की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर तसलीम अहमद उर्फ भूरा के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में FIR दर्ज कर ली गई है।
बारात लौटी, दूल्हा रह गया स्तब्ध
जब बारात देवीपुरा पहुंचने ही वाली थी, तभी यह दर्दनाक खबर दूल्हे को मिली। सूचना मिलते ही अजयवीर और उसके परिवार वाले स्तब्ध रह गए। पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई और बारात को रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।