UP में गर्मी से हाहाकार, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में 20 से अधिक लोगों की गई जान

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 06:33 AM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में भीषण गर्मी जानलेवा बनी हुई है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान में हीट वेव चल रही है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और उसके आसपास के इलाकों में लू और गर्मी की चपेट में आकर मंगलवार को 20 लोगों की मौत हो गई। इसमें 15 प्रयागराज, प्रतापगढ़ में चार और एक की कौशांबी में मौत हो गई। वहीं, गर्मी से हालत बिगड़ने पर कई लोगों को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। हालात यह हैं कि दिन ही नहीं रात में भी तापमान अधिक होने से सुकून नहीं मिल पा रहा है। 

सूरज की तपिश के कारण सुबह 10 से शाम चार बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा है। गर्मी के विकराल रूप को देखते हुए मौसम विभाग ने 22 जून तक लू का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जून से यूपी के पूर्वी जिलों में बारिश का आगमन हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्‍क रहने की संभावना है। पूरे प्रदेश में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की स्‍पीड़ से तेज हवाएं चल सकती हैं। लेकिन पूर्वी यूपी में अलग-अलग जगहों पर बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News