Heavy Rain Alert: फिर लौटा मॉनसून! अगले 24 घंटे में भारी बारिश मचाएगी तबाही, IMD ने इन 15 राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 03:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी से पहले मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिल्ली में बुधवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है, और अब मौसम विभाग ने आज, 19 सितंबर को दिल्ली में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भी बारिश का अनुमान है, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
दिल्ली और मैदानी राज्यों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 19 सितंबर को गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले 5 दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहेगा।
यूपी-बिहार: आज पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत: 19 से 24 सितंबर के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी तेज बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत: केरल, माहे, रायलसीमा, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में 19 से 21 सितंबर के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पश्चिमी राज्य: कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर
पहाड़ों पर बारिश कहर बनकर बरस रही है। उत्तराखंड के देहरादून में हाल ही में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। अब मौसम विभाग ने आगे भी उत्तराखंड के देहरादून, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, टिहरी और नैनीताल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और सड़कों के बंद होने का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।