दिल्ली-एनसीआर में आज होगी बारिश...अगले 4 से 5 दिनों में लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत: IMD

punjabkesari.in Friday, Jun 21, 2024 - 08:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  दिल्ली-एनसीआर में बुधवार (19 जून) की रात चिलचिलाती और उमस भरी गर्मी के बीच बारिश के साथ मौसम में अचानक बदलाव आया।  ऐसा लगा मानों मानसून आ ही गया। शुक्रवार (21 जून, 2024) की सुबह सुहावनी रही और कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा सहित देश के ज्यादातर राज्यों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी दरअसल,  मानसून दक्षिण-पश्चिम उत्तर की ओर बढ़ रहा है।

इससे पहले गुरुवार (20 जून) को सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान में गिरावट देखी गई। सुबह की बारिश के बाद, दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार (20 जून, 2024) को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के बड़े भूभाग में पहुंचा। IMD के अनुसार, इस मानसून में देश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। एक से 20 जून के बीच 77 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 92.8 मिमी होती है।

 मौसम विभाग ने कहा, ''दक्षिण-पश्चिम मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।''

आईएमडी ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गंगा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून की दस्तक देने के साथ ही इन राज्यों में बारिश के साथ तूफान आने की संभावना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News