घबराहट में विदेश यात्राएं भूल ताबड़तोड़ गुजरात दौरे कर रहे हैं मोदी: कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Oct 23, 2017 - 06:38 PM (IST)

गांधीनगर: कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि यह देश की राजनीति के लिए टर्निंग प्वाइंट बनेगा।

पार्टी ने राज्य में चुनावी माहौल के बीच पिछले 40 दिन में ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच बार गुजरात यात्रा पर भी तंज कसा। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में बने माहौल से मोदी को बेहद घबराहट हो रही है और इसीलिए अब वह विदेश दौरों को भूल कर गुजरात के ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं।

गुजरात में कांग्रेस के प्रभारी तथा राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में एक सभा में कहा कि 22 साल बाद कांग्रेस शासन फिर गुजरात में स्थापित हो, इसका समय आ गया है। 40 दिन में पांच बार प्रधानमंत्री को गुजरात आना पड़े यह यहां की जनता की जीत है। वह न केवल खुद आते हैं बल्कि अपने कई मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को यहां भेजते हैं। इसका मतलब है वह घबरा गए हैं।

गेहलोत ने कहा कि मोदी ने झूठ बोल कर केंद्र में और कुछ राज्यों में सरकारें बना ली। मै उनसे पूछना चाहता हूं कि उनकी सरकार को चार साल होने को आए हैं। इस दौरान उन्होंने कितने रोजगार दिए हैं, कितने लोगों को घर दिया है, कितने किसानो का कर्ज माफ किया है। इस बार युवाओं ने गुजरात में जो फिजां बनाई है, उससे अब बार-बार मोदी जी को गुजरात आना पड़ रहा है और वह विदेश यात्राएं करना भूल गए हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात इस बार एक नया इतिहास रचेगा जो देश की राजनीति का टर्निंग प्वाइंट होगा। भाजपा गुजरात में हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवाणी और अल्पेश के साथियों को खरीदने के प्रयास कर रही है पर वह इसमें सफल नहीं होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News