मोदी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को पंगु बना दिया : खरगे
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 05:10 PM (IST)
नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को पंगु बना दिया है और इसे व्यवस्थित रूप से कमजोर किया है।
उन्होंने देश में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा, ''मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा को पंगु बना दिया है और इसे व्यवस्थित रूप से खोखला कर दिया है। भारत के युवाओं की एक पूरी पीढ़ी के भविष्य को लापरवाही से नष्ट और कुर्बान कर दिया गया है।''
उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें दावा किया गया है कि भाजपा की सरकार में रोजाना 25 सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, कुल स्कूलों में सरकारी स्कूलों की भागीदारी 71 प्रतिशत से गिरकर 49 प्रतिशत हो गई है, हजारों सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वीडियो में कहा गया कि भाजपा ने जीडीपी का छ्ह प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करने का वादा किया था, लेकिन सिर्फ 4.1 प्रतिशत ही खर्च किया जा रहा है। इसमें यह दावा भी किया गया है कि 2014 के बाद से 152 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं।
