कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का निधन, खरगे-राहुल गांधी ने जताया दुख
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:22 PM (IST)
नई दिल्लीः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। वह 75 साल के थे। पार्टी सूत्रों बताया कि बाबरिया ने शनिवार सुबह अहमदाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बाबरिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है। बाबरिया कांग्रेस के महासचिव रहे हैं। वह हरियाणा, मध्य प्रदेश और दिल्ली के लिए पार्टी के प्रभारी भी रहे।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व महासचिव दीपक बाबरिया जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और पार्टी को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा, इस कठिन समय में मैं उनके परिजनों, सहयोगियों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। दीपक जी को भावभीनी श्रद्धांजलि।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने बाबरिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबरिया एक समर्पित कांग्रेसी थे, जो अपनी सादगी, ईमानदारी और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। खरगे ने कहा कि बाबरिया ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत श्रमिकों के अधिकारों की पैरोकारी करते हुए की थी और मजदूरों तथा श्रमिक संगठनों की आवाज उठाई थी।ॉ
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने भी बाबरिया के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बाबरिया ने दशकों तक पूरी निष्ठा के साथ संगठन की सेवा की और वह पार्टी के अभिन्न अंग थे। वेणुगोपाल ने कहा, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, जयराम रमेश और मुकुल वासनिक ने भी बाबरिया के निधन पर दुख जताया।
