फेमस इन्फ्लुएंसर का हुआ निधन, जन्मदिन से 2 दिन पहले बुझ गया चमकता सितारा, छाया शोक
punjabkesari.in Saturday, Apr 26, 2025 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सोशल मीडिया की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जानी-मानी डिजिटल क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर मीशा अग्रवाल अब हमारे बीच नहीं रहीं। 24 साल की उम्र में मीशा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। खास बात यह है कि उनका जन्मदिन 26 अप्रैल को आने वाला था, लेकिन उससे महज दो दिन पहले ही यह दर्दनाक खबर आ गई। उनके परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस बात की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर फैली, फैंस में शोक की लहर दौड़ गई और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया।
परिवार ने दी आधिकारिक जानकारी
मीशा अग्रवाल के निधन की पुष्टि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट के जरिए की गई। इस पोस्ट में लिखा गया, "हम बहुत दुख के साथ यह साझा कर रहे हैं कि मीशा अग्रवाल का निधन हो गया है। आपने उन्हें जो प्यार और समर्थन दिया उसके लिए हम आभारी हैं। हम अभी भी इस अपार नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। कृपया अपने विचारों में उन्हें रखें और उनकी यादों को अपने दिलों में संजोएं।" इस पोस्ट को पढ़ते ही फैंस और फॉलोअर्स के बीच मायूसी छा गई।
फैंस को लगा ये कोई मजाक है
शुरुआत में जब यह पोस्ट सामने आया तो कई फैंस को यकीन ही नहीं हुआ। कुछ ने तो इसे कोई शरारत या मजाक समझा, खासतौर पर इसलिए क्योंकि उनका जन्मदिन भी नजदीक था। लेकिन जैसे-जैसे समय बीता और परिवार व नजदीकी दोस्तों की प्रतिक्रिया आई, तब जाकर इस दुखद सच्चाई को सभी ने स्वीकारा। एक फैन ने लिखा, "मैं उम्मीद कर रहा हूं कि यह मजाक हो, वह बहुत सुंदर और टैलेंटेड थी। उसकी आत्मा को शांति मिले।" दूसरे ने कहा,"यह खबर दिल तोड़ने वाली है, वह हमेशा मुस्कुराती रहती थी। बहुत याद आएगी।"
मौत का कारण अब तक सामने नहीं आया
मीशा अग्रवाल की मौत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है कि आखिर उनकी मृत्यु कैसे हुई। इस रहस्य ने फैंस के बीच और ज्यादा चिंता और भ्रम फैला दिया है। कई लोग अभी भी उम्मीद कर रहे हैं कि शायद यह खबर झूठी हो, लेकिन परिवार द्वारा जारी किया गया बयान इसे सच साबित कर रहा है।
कौन थीं मीशा अग्रवाल?
मीशा अग्रवाल एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डिजिटल क्रिएटर थीं। इंस्टाग्राम पर उनके तीन लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह अपनी फोटोज, लाइफस्टाइल टिप्स और पॉजिटिव कंटेंट के लिए मशहूर थीं। फैंस उनकी सरलता और खुशी से भरे अंदाज के कायल थे। उनकी अचानक गई जिंदगी ने एक बार फिर याद दिला दिया है कि सोशल मीडिया पर जो चमक दिखती है, उसके पीछे असली जिंदगियां भी नाजुक होती हैं।