मणिपुर: पेट्रोल पंप धमाके का मास्टरमाइंड और UKNA का वित्त प्रमुख गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 10:08 AM (IST)
Manipur Terror Bust : पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अलग-अलग उग्रवादी संगठनों के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए उग्रवादियों में से एक मोइरांग पेट्रोल पंप बम विस्फोट में शामिल था जबकि दूसरा उग्रवादी संगठन का तथाकथित 'फाइनेंस चीफ' बताया जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों सफल अभियानों की विस्तृत जानकारी साझा की।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के एक सक्रिय सदस्य को बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर जिले की तेरा उरक जांच चौकी से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान 39 वर्षीय मयांगलंबम तोंबा सिंह के रूप में हुई है। वह चुराचांदपुर जिले के बिजांग खुनौ का निवासी है और फिलहाल फुबाला राहत शिविर में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि उसके पास से मैगजीन सहित नौ मिलीमीटर की एक पिस्तौल और अलग-अलग बोर के 11 कारतूस बरामद किए गए। सिंह इस वर्ष की शुरुआत में मोइरांग के एक पेट्रोल पंप पर हुए विस्फोट में कथित तौर पर शामिल था। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
यह भी पढ़ें: 24 July LPG Rate: आम जनता को राहत, LPG दाम बढ़ने के बाद भी सरकार दे रही इतने की सब्सिडी, जानें कैसे?
सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान में प्रतिबंधित यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के संदिग्ध वित्त प्रमुख को चुराचांदपुर जिले के मोलनोम से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान एस. पलाल कुकी के रूप में हुई है। वह गोलीबारी और वसूली के कई मामलों में कथित तौर पर शामिल था।
