मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन, 2 उग्रवादी गिरफ्तार, 9 पिस्तौल और ग्रेनेड समेत भारी हथियार बरामद

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 01:31 PM (IST)

इंफालः सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े दो उग्रवादियों को मणिपुर के दो जिलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के बयान के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन 'प्रेपाक' के इन दो सदस्यों को रविवार को इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों से पकड़ा गया।

बयान में कहा गया है कि इंफाल पश्चिम के नॉर्थ एओसी इलाके से 45 वर्षीय उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया जबकि 46 वर्षीय अन्य आरोपी को इंफाल पूर्व के निंगोमथोंग कितना पानुंग स्थित उसके आवास से पकड़ा गया। दोनों पर जबरन उगाही की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि एक उग्रवादी के पास से नौ एमएम की एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई जिसमें 12 गोलियां भरी थीं।

पुलिस के बयान के अनुसार सोमवार को एक अलग अभियान में राज्य पुलिस कमांडो और 33 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत अखम और लामडेंग गांवों के आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान हथियारों का जखीरा जब्त किया। बयान में कहा गया है कि जब्त किए गए हथियारों में नौ पिस्तौल (नौ एमएम की), एक देसी बंदूक, दो सिंगल-बैरल बंदूकें और एक ग्रेनेड शामिल हैं।

बिष्णुपुर ज़िले की पुलिस ने शनिवार को नियमित जांच के दौरान तेरखोंगशांगबी बाजार से क्वाक्ता जा रही एक कार को रोका और उसकी तलाशी ली। पुलिस ने बताया, ''गाड़ी की तलाशी के दौरान लगभग 2.1 किलोग्राम वजन के ब्राउन शुगर के चार पैकेट बरामद हुए।'' जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत का तुरंत पता नहीं चल सका। तीन साल पहले जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण अभियान चला रहे हैं।

मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदाय के लोगों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में कम से कम 306 लोगों की जान गई है, 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News