सरकार का बड़ा फैसला: पेट्रोल, डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर विंडफॉल टैक्स में कटौती

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 08:05 AM (IST)

नई दिल्ली:  सरकार ने 16 सितंबर से शुरू होने वाले पखवाड़े (दो हफ़्ते) के लिए पेट्रोल, डीज़ल और ATF के एक्सपोर्ट पर विंडफ़ॉल गेन टैक्स (अतिरिक्त मुनाफ़े पर लगने वाला टैक्स) घटा दिया है।

डीज़ल के एक्सपोर्ट पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज़ ड्यूटी (SAED) और रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सेस की दर अब 20 रुपये प्रति लीटर है, जो पहले 25 रुपये प्रति लीटर थी। ATF के एक्सपोर्ट पर SAED 15 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है, जबकि पहले यह 19 रुपये प्रति लीटर था।

पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर ड्यूटी 16 सितंबर से घटाकर 0.5 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पिछले पखवाड़े में 1.5 रुपये प्रति लीटर थी। वित्त मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन में कहा कि ड्यूटी में बदलाव 16 सितंबर से लागू होंगे।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, सरकार ने 27 मार्च को डीज़ल और ATF के एक्सपोर्ट पर ड्यूटी लगाई थी और हर पखवाड़े इसकी दर में बदलाव किया। 16 मई से पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर भी यह लेवी (शुल्क) लगाई गई थी। मंत्रालय ने यह भी कहा कि घरेलू खपत के लिए जारी पेट्रोल और डीज़ल पर मौजूदा ड्यूटी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच ईंधन की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए विंडफ़ॉल टैक्स लगाया गया था। इसका मकसद एक्सपोर्टर्स को कीमतों के अंतर का अनुचित फ़ायदा उठाने से रोकना भी था, क्योंकि युद्ध शुरू होने के बाद से ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ गई थीं। विंडफ़ॉल टैक्स का मकसद पश्चिम एशिया संकट के बीच एक्सपोर्ट को हतोत्साहित करके पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करना था।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News