किराया बढता रहा तो मेट्रो खत्म हो जाएगी: केजरीवाल

punjabkesari.in Saturday, Nov 25, 2017 - 05:55 PM (IST)

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली मेट्रो रेल के यात्रियों की संख्या में तेजी से गिरावट के लिए हाल में किराए में बढोतरी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि इस तरह तो दिल्ली मेट्रो खत्म ही हो जाएगी।
 

सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी से यह खुलासा हुआ है कि किराए में बढोतरी के बाद से दिल्ली मेट्रो के यात्रियों की संख्या रोजाना तीन लाख कम हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) और दिल्ली सरकार किराए में बढोतरी का विरोध कर चुकी है जबकि दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने वृद्धि को जायज बताया है। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा कि किराए में भारी वृद्धि से दिल्ली मेट्रो खत्म हो जाएगी। यदि यात्री इसका इस्तेमाल करना बंद कर देंगे तो फिर इससे क्या मकसद पूरा हो पाएगा।

 


दिल्ली मेट्रो का किराया 10 अक्टूबर को दूसरी बार बढ़ाया गया था। दिल्ली सरकार ने किराए में बढोतरी नहीं करने के कई सुझाव भी दिए थे किंतु इस पर कोई सहमति नहीं बन सकी थी। इससे पहले इसी वर्ष मई में मेट्रो का किराया बढ़ा था। सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार सितम्बर में रोजाना मेट्रो यात्रियों की संख्या औसतन 27.4 लाख थी। यह संख्या अक्टूबर में लगभग 11 प्रतिशत घटकर 24.2 लाख रह गई। 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News