मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट; इन 5 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 08:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को देशभर के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश और यनम में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। IMD ने बताया कि तमिलनाडु तट से सटे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम भाग में एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बन गया है, जबकि दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में भी अवदाब सक्रिय है- यही सिस्टम दक्षिण भारत में बारिश का कारण बनेगा।

दक्षिण भारत में रेड अलर्ट- कई राज्यों में झमाझम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक

  • 22 से 24 और 26 से 28 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
  • 22 से 24 अक्टूबर तक दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल-माहे,
  • 22 से 25 अक्टूबर तक तटीय कर्नाटक और तेलंगाना,
  • 22 से 28 अक्टूबर तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

IMD ने उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में “अत्यधिक भारी वर्षा” का अलर्ट जारी किया है। 22 अक्टूबर को तमिलनाडु, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है।

पूर्व और मध्य भारत में हल्की बारिश व तेज हवाएं

अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 23 से 27 अक्टूबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 22 से 26 अक्टूबर के बीच बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना है। 22 और 23 अक्टूबर को ओडिशा में घना कोहरा भी छा सकता है।

पश्चिम भारत- बिजली कड़कने के साथ हल्की बौछारें

पश्चिमी भारत के हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है। 23 अक्टूबर को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कई जगहों पर बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक मराठवाड़ा और पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में भी ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है।

उत्तर भारत में ठंड की दस्तक

उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत भरी खबर- अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन कई राज्यों में हल्के बादल और सुबह की ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News