भारत में बदलता मौसम का मिजाज: 5 राज्यों में बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, जानें अपने राज्य का हाल?

punjabkesari.in Sunday, Mar 23, 2025 - 08:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क। देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मार्च के आखिरी हफ्ते में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन फिलहाल उत्तर भारत में राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ राज्यों में बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज का मौसम साफ रहेगा और धूप भी निकलेगी जिससे गर्मी का एहसास हो सकता है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा जबकि अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिल्ली में 25 मार्च से अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का औसत तापमान से 0.2 डिग्री अधिक है।

यूपी और बिहार में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला थम चुका है और अब अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम साफ रहेगा और तीखी धूप लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं बिहार में भी बारिश के बाद मौसम में बदलाव आ चुका है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और हवा चलने की संभावना है।

गुजरात में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने गुजरात में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम अब सुहावना हो गया है। राज्य के कई इलाकों में धूप खिली हुई है जिससे तापमान में इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 मार्च तक हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा लेकिन 26 मार्च से मौसम में फिर से बदलाव हो सकता है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश

जम्मू-कश्मीर में 26 मार्च से मौसम में बदलाव आ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी और भारी बारिश हो सकती है। हालांकि श्रीनगर और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान, ओडिशा, दक्षिण तमिलनाडु, केरल, माहे, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटका के कुछ हिस्सों में मूसलधार बारिश हो सकती है।

वहीं कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि मौसम में हो रहे इस उतार-चढ़ाव से लोगों को राहत और परेशानी दोनों का सामना करना पड़ रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News