UP : फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक के घर जोरदार धमाका, 6 लोग घायल, जांच जारी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:18 AM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में देर शाम जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल गया।

अचानक धमाके से मचा हड़कंप

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घर के बाहर इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर हुआ। धमाका इतना तेज था कि घर की छत और रेस्ट रूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। खिड़की-दरवाजे उखड़ गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

PunjabKesari
घर में मौजूद थे 6 लोग, सभी घायल

धमाके के समय घर में 6 लोग मौजूद थे, जो सभी घायल हो गए। पूर्व विधायक के दोनों बेटे सिक्की और विक्की भी घायल हैं और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को लोहिया अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। पूर्व विधायक की पत्नी दमयंती सिंह भी उस समय घर में थीं, लेकिन वह बाल-बाल बच गईं।

तीन मंजिला मकान हिल गया

धमाका इतना जबरदस्त था कि तीन मंजिला मकान तक हिल गया, ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे की छत उड़ गई और मलबा चारों तरफ फैल गया। इसके अलावा खिड़कियों के शीशे सड़क पर जा गिरे और  घर की सीमेंटेड अलमारी भी चूर-चूर हो गई।

“ऐसा लगा जैसे तूफान आ गया”

दमयंती सिंह ने बताया कि:“अचानक जोरदार धमाका हुआ, ऐसा लगा जैसे कोई तूफान आ गया हो। समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ।” उन्होंने साफ कहा कि यह सिलेंडर ब्लास्ट नहीं है।

पुलिस और फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी Aarti Singh ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं,शुरुआती जांच में धमाके की वजह साफ नहीं हो पाई है।

जिलाधिकारी Ashutosh Kumar Dwivedi के मुताबिक धमाका घर के बेसमेंट में हुआ। सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और अलग-अलग एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं।

पूर्व विधायक जेल में हैं

ध्यान देने वाली बात यह है कि विजय सिंह इस समय आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News