15 साल के रिश्ते का खौफनाक अंत, विवाहित प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका की ह/त्या कर रूम हीटर से जलाया शव
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 09:01 AM (IST)
महाराष्ट्र : एक 38 वर्षीय विवाहित महिला की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया और फिर रूम हीटर से उसके शरीर को जला दिया जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। MIDC पुलिस ने मंगलवार को उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव से आरोपी जावेद शेख शाहिद मन्यार (33) को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि अदालत ने उसे 17 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला (जिसका नाम उजागर नहीं किया गया है) अपने पति और 11 व 13 साल की दो बेटियों के साथ रहती थी। जलगांव जिले की रावेर तहसील का रहने वाला जावेद, नागपुर में एयर-कंडीशनर तकनीशियन के तौर पर काम करता था।अधिकारी ने बताया, 'महिला और जावेद लगभग 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। महिला उस पर शादी करने का दबाव डाल रही थी। चूंकि जावेद पहले से ही शादीशुदा था, इसलिए इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे।'
रविवार सुबह जावेद महिला के घर पहुंचा, उस समय उसका पति काम के सिलसिले में अपने पैतृक गांव गया हुआ था और उसकी बेटियां अपने चाचा के घर गई थीं। अधिकारी ने बताया, 'शाम को शादी के मुद्दे पर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि जावेद ने महिला के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया। इसके बाद उसने रूम हीटर से महिला के शरीर को जला दिया।'
आरोपी रात में ट्रेन से जलगांव भाग गया। घटना का पता सोमवार सुबह चला, जब पीड़िता की बेटियां घर लौटीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि महिला की मौत बिजली का झटका लगने से हुई है। लेकिन शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट से पता चला कि उसके सिर पर चोट लगी थी। मंगलवार को जावेद को गिरफ्तार कर शहर लाया गया। अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच चल रही है।
