कांग्रेस के शासन के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं : नड्डा

punjabkesari.in Saturday, Feb 11, 2023 - 09:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ में पार्टी नेताओं की हाल में हुई हत्याओं की निंदा करते हुए शनिवार को दावा किया कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से राज्य में नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं। नड्डा राज्य के नारायणपुर जिले में भाजपा नेता एवं ग्राम प्रधान सागर साहू की कथित तौर पर नक्सलियों द्वारा हत्या किए जाने के एक दिन बाद यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले छह फरवरी को भाजपा की अवापल्ली मंडल इकाई के अध्यक्ष नीलकंठ काकेम की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘क्या यह (सही) तथ्य नहीं है कि भूपेश बघेल सरकार के सत्ता में आने के बाद नक्सलियों के हमले बढ़ गए हैं? जब रमन सिंह (भाजपा) की सरकार थी तब राज्य में शांति थी और कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं थी।'' उल्लेखनीय है कि बघेल ने मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की कमान दिसंबर 2018 में संभाली थी और इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। नड्डा ने कहा, ‘‘मैं प्राण गंवाने वाले भाजपा के वीर सैनिकों के परिवारों से कहना चाहता हूं कि इस लड़ाई में आपके बेटे अकेले नहीं हैं, पार्टी के 18 करोड़ सदस्य आपके साथ हैं।''

उन्होंने कांग्रेस को ‘असफलता' का पर्याय बताया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस की नीतियां, रोकने, बाधित करने और काम से ध्यान भटकाने की है। इसके उलट हम विकास के लिए बने हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे (कांग्रेस) विकास कार्यों को बाधित करते हैं और उनका लक्ष्य विभाजित करो और शासन करो है।'' आदिवासी बहुल बस्तर के बारे में नड्डा ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि दिवंगत राजीव गांधी (कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री) और उनका परिवार यहां (बस्तर) पिकनिक मनाने आता था। जब वहां (दिल्ली) गर्मी होती थी तो वे यहां के जंगलों की शीतलता का आनंद लेने आते थे।

जब रमन सिंह की सरकार सत्ता में आई तो बस्तर में विकास कार्य हुआ।'' नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के मुताबिक छत्तीसगढ़ ‘‘दुष्कर्म के मामले में सातवें स्थान पर है, डकैती में पांचवे और आत्महत्या में दूसरे स्थान पर है।'' उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ के मामले में राज्य का ‘दूसरा स्थान' है और हत्याओं के मामले में यह तीसरे स्थान पर है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में उल्लेखनीय विकास हुआ है और इसकी प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर बढ़ी है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के करीब 1,200 छात्र यूक्रेन में फंसे थे। मोदी ने (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन और (यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर) जेलेंस्की से बात की तथा युद्ध रुकवा कर देश के 32 हजार बच्चों को सुरक्षित भारत लाया गया। यह भारत की बदलती तस्वीर है।'' उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी के पास नक्सलियों से लड़ने की ताकत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News