पत्नी और ससुराल वालों के उत्पीड़न से टूटा युवक… जहर खाकर दी जान, मरने से पहले रिकॉर्ड किया Video

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 11:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के पुणे में कथित रूप से पत्नी और ससुराल वालों द्वारा लगातार उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने यह कदम उठाने से पहले अपनी आपबीती बताते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने एक दोस्त को भेजा। पुलिस ने इस मामले में पत्नी सहित सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (abetment to suicide) का मामला दर्ज किया है।

मृतक की पहचान मोहम्मद साद आसिफ सैय्यद (20) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मालेगांव का रहने वाला था और पुणे के जांभुलवाड़ी इलाके में रहता था। अधिकारियों के अनुसार, साद का अपनी पत्नी करीमुनिशा उर्फ निशा खान से विवाद चल रहा था और आरोप है कि पत्नी तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

गुरुवार को साद ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न का जिक्र किया और सात लोगों के नाम लिए, जिनमें उसकी पत्नी निशा भी शामिल है। इसके बाद उसने यह वीडियो मालेगांव में अपने एक दोस्त को भेजा और फिर चूहे मारने वाली दवा (जहर) खा ली।

एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, वे हैं निशा, सरवर उर्फ कैफ खान, रेशमा कमरुखान, शमा जावेद शेख, जावेद शेख, अथर्व काले और ईशिता। पुलिस ने जांच के लिए सैय्यद का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, ताकि वीडियो की फोरेंसिक जांच की जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News