कार की छत से कबूतरों को दाना डालना शख्स को पड़ा भारी, FIR दर्ज और गाड़ी जब्त; जानें क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Sunday, Aug 10, 2025 - 05:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मुंबई के दादर इलाके में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां कार की छत पर रखी अनाज से भरी ट्रे से कबूतरों को दाना डालना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी कार भी जब्त कर ली।
शिवाजी पार्क पुलिस थाने के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का नाम महेंद्र संकलेचा है, जो लालबाग का रहने वाला है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत सार्वजनिक उपद्रव फैलाने, सरकारी आदेश की अवहेलना करने और खतरनाक बीमारी फैलने की आशंका वाले लापरवाह कृत्य के आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी को नोटिस भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें - अगर मुंह में बार-बार हो रहे हैं छाले तो हो जाएं सावधान, हो सकती है शरीर में इन जरूरी चीजों की कमी
BMC के फैसले से जुड़ा विवाद
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने स्वास्थ्य संबंधी खतरे को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालने पर प्रतिबंध लगाया है और शहर के 'कबूतरखानों' को बंद करने का आदेश दिया है। इसी फैसले के चलते यह मामला चर्चा में आया। हालांकि, कबूतरों को दाना डालने वाले लोगों ने BMC के इस कदम को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने कबूतरखानों को बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया है, बल्कि नगर निगम के बंद करने के फैसले पर रोक लगाने से इनकार किया है। यानी, फिलहाल BMC का आदेश लागू है और सार्वजनिक जगहों पर कबूतरों को दाना डालना प्रतिबंधित है। ऐसे में इस तरह की गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।