ममता बनर्जी चुनीं गईं विधायक दल की नेता, 5 मई को लेंगी मुख्यमंत्री पद का शपथ

punjabkesari.in Monday, May 03, 2021 - 07:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने तीसरी बार प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की है। रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की मतगणना हुई, जिसमें टीएमसी ने बंगाल में तीसरी बार 200 का आंकड़ा पार किया। कोलकाता में सोमवार को टीएमसी के पार्टी ऑफिस पर विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें ममता बनर्जी को तीसरी बार विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक के बाद ममता बनर्जी राज्यपाल से मिलने उनके आवास पहुंचा, जहां उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। ममता बनर्जी 5 मई को एक सादे समारोह में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगीं।

राज्यपाल जगदीप धनखड़ दिलाएंगे शपथ
पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की है। ममता बनर्जी तीसरी बार बंगाल में सरकार बनाने जा रही है। बंगाल के राज्यपाल ओपी धनखड़ ममता को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। हालांकि ममता नंदीग्राम से चुनाव हार गई हैं। बावजूद इसके वह तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगीं।

नंदीग्राम से चुनाव हारीं ममता
कभी ममता के दांए हाथ रहे शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को 1700 से अधिक वोटों से हरा दिया है। टीएमसी ने चुनाव आयोग से मतों की दोबारा गिनती के लिए अनुरोध किया था लेकिन चुनाव आयोग ने टीएमसी की इस अपील को ठुकरा दिया। इसके बाद ममता ने कहा कि वह नंदीग्राम के चुनाव परिणाम के खिलाफ कोर्ट में जाएंगी।

हार के बाद भी कैसे बनेंगी ममता बनर्जी मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव हार गई हैं। बावजूद इसके वह तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। दरअसल, मुख्यमंत्री बनने के लिए विधानसभा या विधान परिषद (जिन राज्यों में दो सदन हैं) का सदस्य होना जरूरी है लेकिन अगर विधानसभा या विधान परिषद सदस्य नहीं है या चुनाव हार गए हैं तो शपथ लेने के 6 महीने के अंदर सदस्य बनना जरूरी होता है। नियमों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद की शपथ बिना विधायक रहते ली जा सकती है। शपथ के बाद मुख्मंयत्री को 6 महीने का समय मिलता कि वो विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बन सके। अगर सदस्य ऐसा नहीं कर पाता है तो उसे मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ता है।

ममता ने बताया बंगाल के लोगों की जीत
ममता बनर्जी ने जीत के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह बंगाल के लोंगों की जीत है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कोविड से लड़ने की होगी, वह बंगाल की जनता को मुफ्त वैक्सीन लगाएंगी। ममता ने कहा कि वह देश को फ्री वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र के खिलाफ आंदोलन करेंगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News