ममता 2060 तक भारत के शीर्ष अर्थव्यवस्था बनने पर असहमत, BJP ने लिया आड़े हाथ

punjabkesari.in Friday, Mar 28, 2025 - 06:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा पर गईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस भविष्यवाणी से असहमति जताई कि भारत 2060 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। ममता बनर्जी की इस टिप्पणी पर पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी कड़ी आलोचना की है और उन पर विदेशी धरती पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया है।

बनर्जी ने बृहस्पतिवार देर रात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के केलॉग कॉलेज में एक वार्ता के दौरान यह टिप्पणी की। केलॉग कॉलेज में साक्षात्कारकर्ता ने उनसे कहा कि भारत पहले ही ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अनुमान है कि जल्द ही यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

साक्षात्कारकर्ता ने कहा कि पूर्वानुमान है कि यह दक्षिण एशियाई देश 2060 तक वैश्विक आर्थिक रैंकिंग में शीर्ष पर होगा। बनर्जी ने इसके जवाब में कहा, ‘‘मैं इससे असहमत हूं। ऐसी कई चीजें हैं जिनके बारे में मुझे यहां नहीं बोलना चाहिए... आंतरिक और बाहरी मामले... मैं इसका खुलासा नहीं कर सकती। मेरी कुछ अन्य राय हैं।'' उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, ‘‘चूंकि कोविड-19 के बाद हर देश परेशानी का सामना कर रहा है और दुनिया में उथल-पुथल मची है... अगर दुनिया में आर्थिक युद्ध जैसी स्थिति चल रही है, तो हम कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हमें लाभ होगा? आइए हम लाभ की उम्मीद करें, हम केवल उम्मीद ही कर सकते हैं। अपने देश को सर्वश्रेष्ठ देखना हमारा सपना है। लेकिन यह निर्भर करता है...।''

भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो बनर्जी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए उन पर विदेशी धरती पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बनर्जी की राय से असहमति जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी उनके पद का ‘‘अपमान'' है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है! फिर भी, ममता बनर्जी विदेशी धरती पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल कर रही हैं।'' मजूमदार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘उनकी भारत-विरोधी बयानबाजी न केवल हर भारतीय के लिए शर्मनाक है, बल्कि उनके संवैधानिक पद का भी अपमान है।

यह स्पष्ट है कि आप एक मुख्यमंत्री के रूप में विफल रही हैं, लेकिन क्या आपको खुद को भारतीय कहने में भी संकोच होता है? क्या आप वास्तव में भारतीय हैं? विदेशी धरती पर राष्ट्र का अपमान करना भारत का खुलेआम विरोध करने के समान है।'' भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी बनर्जी के रुख की आलोचना की और ‘एक्स' पर उनकी टिप्पणियों का एक वीडियो क्लिप साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भारत के दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से परेशानी है। यह वाकई शर्मनाक है। यह उनके संवैधानिक पद के लिए भी अपमान की बात हैं। विदेशी धरती पर कौन इस तरह का व्यवहार कर सकता है?'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News