''जरूरत पड़ी तो खुद पार्टी दफ्तरों को करूंगी पेंट'': ममता बनर्जी ने दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 04:38 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। BJP ने वहां पर बहुमत हासिल कर अपनी सरकार बना ली है। राजनीतिक हार के बाद अब ममता ने हिम्मत ने हारते हुए पार्टी संगठन को नए सिरे से खड़ा करने का बड़ा ऐलान किया है। कोलकाता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।
कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का संदेश
कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी के संगठन को फिर से मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा "हम अपने सभी पार्टी कार्यालयों को दोबारा खोलेंगे, उनकी मरम्मत करेंगे, उन्हें नया रंग देंगे और पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच लौटेंगे। अगर जरूरत पड़ी, तो संगठन के लिए मैं खुद भी दफ्तरों की दीवारों को पेंट करने के लिए तैयार हूं।" ममता ने पार्टी बदलने की इच्छा रखने वाले नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि जिसे जाना है वो जाए। वे किसी को भी पार्टी में जबरदस्ती रोक कर रखने पर विश्वास नहीं करतीं। इस अहम सांगठनिक बैठक में उनके भतीजे और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मंच पर मौजूद थे।
हमारा हौसला नहीं टूटा, लेकिन जनादेश की लूट हुई है
हाल ही में आए चुनावी नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों में भले ही टीएमसी के खाते में 80 सीटें आई हों, लेकिन यह असल में जनादेश की लूट है। उन्होंने साफ किया कि इस परिणाम से उनका और उनकी पार्टी का मनोबल बिल्कुल नहीं टूटा है और वे आगे की लड़ाई के लिए तैयार हैं।


