''उजड़े परिवारों की मदद करे सरकार...'' उत्तर प्रदेश में 111 मौतों के बाद मायावती का आया बड़ा बयान

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य में हाल में आए आंधी-तूफान से हुई भारी तबाही पर चिंता जताते हुए शनिवार को कहा कि राज्य सरकार को प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के लिए आगे आना चाहिए और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हाल में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आए भीषण आंधी-तूफान से जान-माल की भारी क्षति हुई है। प्रभावित लोगों और परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार को पूरी उदारता के साथ हर प्रकार से सहयोग करना चाहिए। ताकि प्रभावित लोग अपने उजड़े और बिखरे पारिवारिक जीवन को समेटकर दोबारा सामान्य जिंदगी शुरू कर सकें।''

<

>

बसपा प्रमुख ने कहा, ''आवश्यक वस्तुओं, खासकर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करोड़ों गरीबों, मेहनतकश परिवारों, किसानों और मध्यम वर्ग के जीवन को बुरी तरह प्रभावित करेगी। उन्होंने कहा, ''महंगाई का सीधा असर लोगों के परिवार के पालन-पोषण पर पड़ेगा।''

मायावती ने सरकार को सुझाव देते हुए कहा कि महंगाई और आम लोगों का जीवन कठिन बनाने वाली इस तरह की लगातार बढ़ोतरी को रोकने के लिए सार्थक कदम उठाए जाने चाहिए। राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 13 मई को आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए, मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई व 72 लोग घायल हुए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जानमाल की क्षति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News