मालेगांव विस्फोट के सभी आरोपियों को बचाने की फिराक में भाजपा: दिग्विजय

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 05:32 PM (IST)

नई दिल्ली: मालेगांव विस्फोट मामले के आरोपी कर्नल श्रीकांत प्रसाद पुरोहित को जमानत मिलने के संदर्भ में केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज आरोप लगाया कि इस मामले में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े सभी आरोपियों को बचाना चाहती है। सिंह ने ट्वीट किया कि जो हुआ, वह अपेक्षित था क्योंकि भाजपा सरकार इस मामले में आरएसएस से जुड़े सभी आरोपियों को बचाना चाहती है। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उसके प्रमुख को दो बार सेवा विस्तार इसी वजह से दिया जा रहा था। 

उन्होंने कहा कि सरकार की कृपा बनी रही तो एनआईए प्रमुख को सेनानिवृत्ति के बाद भी इनाम मिल सकता है। कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने कहा कि कर्नल पुरोहित को जमानत मिलने का यह मतलब नहीं है कि उन्हें बरी कर दिया गया है और वह निर्दोष हैं।  नौ साल पुराने मालेगांव विस्फोट मामले में कर्नल पुरोहित को उच्चतम न्यायालय ने आज जमानत दे दी।  मालेगांव में 29 सितंबर 2008 को हुए विस्फोट में 7 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में साध्वी प्रज्ञा के साथ कर्नल पुरोहित भी आरोपी हैं। साध्वी प्रज्ञा को पहले ही जमानत मिल गई है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News